संवाददाता : अहदम राजा
म्योरपुर (सोनभद्र)। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार को म्योरपुर ब्लॉक के ग्राम सभा बभनडीहा स्थित जय बड़ा देव स्थल से जय बड़ा देव सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में भव्य आदिवासी दिवस जुलूस निकाला गया। जुलूस म्योरपुर कस्बे के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरा। इसमें हजारों की संख्या में आदिवासी समाज के लोग शामिल हुए। पारंपरिक वेशभूषा, गीत-संगीत और नृत्य से पूरा क्षेत्र आदिवासी संस्कृति के रंग में रंगा नजर आया।
जुलूस के दौरान डीजे की धुन पर आदिवासी समाज के लोगों ने पारंपरिक गीतों पर जमकर नृत्य किया। जगह-जगह लोगों ने अपनी संस्कृति और परंपराओं की झलक प्रस्तुत की। जुलूस के माध्यम से आदिवासी समाज की एकता, अधिकारों और सामाजिक जागरूकता का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव गोड़, सांसद छोटेलाल खरवार, राज्य मंत्री जीत सिंह खरवार, पूर्व विधायक हरिराम चेरो, ब्लॉक प्रमुख मान सिंह गोंड, जिला पंचायत सदस्य सुषमा सिंह गोंड, भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष मोहर लाल खरवार, भाजपा मंडल अध्यक्ष रंजीत पनिका, उमाशंकर सिंह उर्फ बबई मरकाम तथा जय बड़ा देव सेवा ट्रस्ट के संस्थापक जय मंगल उरेती सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अतिथियों ने विश्व आदिवासी दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज के लोगों से अपनी संस्कृति, परंपरा और पहचान को संरक्षित रखने का आह्वान किया। वक्ताओं ने शिक्षा, सामाजिक एकजुटता और आदिवासी समाज के हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखे।
ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की संस्कृति, अधिकारों और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को लेकर जागरूकता का दिन है। कार्यक्रम के माध्यम से समाज के लोगों को एकजुट होकर शिक्षा और विकास की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया गया।


0 Comments