हादसे में युवक का पंजा कटा, सड़क पर बिखरा मिला भारी मात्रा में खून
परिजनों ने टेंपो चालक की गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई की मांग की
गोरखपुर
गोरखपुर। पाली ब्लॉक क्षेत्र के अंतर्गत चड़राव गांव मार्ग से भक्सा होते हुए पीपीगंज जाने वाले मार्ग पर मंगलवार, 25 अगस्त 2026 की शाम करीब चार बजे बक्सा चौराहे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में बाइक सवार 23 वर्षीय युवक विकास यादव, पुत्र तिलकधारी यादव, गंभीर रूप से घायल हो गया।
बताया जा रहा है कि विकास यादव बाइक से जा रहा था। इसी दौरान एक टेंपो चालक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि युवक का पंजा कटकर अलग हो गया और सड़क पर काफी मात्रा में खून फैल गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक हादसे के बाद टेंपो चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया।
गंभीर रूप से घायल विकास को परिजनों ने तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। हालत नाजुक होने के कारण उसे गोरखपुर स्थित कात्यायनी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थानीय लोगों के अनुसार दुर्घटना के बाद सड़क पर काफी देर तक खून बिखरा रहा। घटना से जुड़े वीडियो में भी सड़क पर बड़ी मात्रा में खून दिखाई दे रहा है। हादसे की सूचना मिलने के बाद क्षेत्र में घटना को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
परिजनों ने शासन-प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से मांग की है कि मामले की जांच कर फरार टेंपो चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जाए तथा उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। परिवार का कहना है कि दोषी चालक के खिलाफ कार्रवाई होने से पीड़ित परिवार को न्याय मिल सकेगा।


0 Comments