Snider Image 1 Snider Image 2 Snider Image 3
1 जनवरी 2025 को शकुन टाइम्स न्यूज़ पोर्टल का शुभारंभ, सही और सटीक खबरों के साथ आपके विश्वास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के संकल्प के साथ।

रंगदारी न देने पर मारपीट का आरोप,कैफे में तोड़फोड़ के बाद कार फूंकने से दहशत



रिपोर्ट:देवेन्द्र पाण्डेय

वाराणसी।कैंट थाना क्षेत्र में रंगदारी मांगने,मारपीट,तोड़फोड़ और वाहन में आग लगाए जाने के आरोप से हड़कंप मच गया है।सरसौली भोजूबीर निवासी आदित्य सोनकर ने अपर पुलिस आयुक्त को प्रार्थनापत्र देकर आरोप लगाया कि 12/13 अगस्त की रात करीब 12 बजे वह अपने कैफे में ममेरे भाई अभिषेक सोनकर के साथ सो रहे थे।इसी दौरान लक्ष्मणपुर शारदा विहार कॉलोनी निवासी अभिषेक रघुवंशी,सनी सिंह व आदित्य रघुवंशी तथा ऐढ़े चांदमारी निवासी शाश्वत पंडित कथित रूप से नशे की हालत में कैफे पहुंचे और दोनों को जगाकर मैगी मांगने लगे।आदित्य के मुताबिक मैगी देने से मना करने पर आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और लाठी-डंडे व रॉड से दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने कैफे में रखा सामान भी तोड़ दिया। पीड़ित का आरोप है कि जाते समय आरोपितों ने हर महीने पांच हजार रुपये रंगदारी देने की मांग की और रकम नहीं देने पर कैफे नहीं चलने देने तथा जान से मारने की धमकी दी। 


मामले में आदित्य ने अपर पुलिस आयुक्त के समक्ष शिकायत की, जिसके बाद कैंट थाना प्रभारी को जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद भी उसे लगातार फोन कर दहशत में रखा गया और 14/15 अगस्त की रात करीब 1:30 बजे उसके घर के बाहर खड़ी कार में आग लगा दी गई। वहीं इसी प्रकरण से जुड़े आरोपों में एक महिला रेस्टोरेंट संचालिका अलंकिता सिंह ने भी कैंट थाने में शिकायत दी है। विंध्यवासिनी नगर, अर्दली बाजार निवासी अलंकिता के मुताबिक उनका रेस्टोरेंट वीडीए कॉलोनी चांदमारी में है। 12 अगस्त की रात करीब 12:30 बजे उनका कर्मचारी स्कूटी से रेस्टोरेंट बंद कर घर लौट रहा था। 


आरोप है कि पांडेयपुर मानसिक चिकित्सालय के पास मनबढ़ युवकों ने उसे रोककर हॉकी से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया और जान बचाकर मौके से भागा। हमले के दौरान स्कूटी वहीं छूट गई, जिसे आरोपितों ने कथित रूप से बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। महिला ने शिकायत में आदित्य रघुवंशी, सनी सिंह निवासी लक्ष्मणपुर शारदा विहार कॉलोनी और शाश्वत पाण्डेय निवासी ऐढ़े को आरोपी बनाया है। एक ही क्षेत्र से सामने आए इन मामलों ने पुलिस के सामने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल कैंट थाना पुलिस दोनों शिकायतों की जांच-पड़ताल में जुटी है। पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविकता और घटनाओं में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।



Post a Comment

0 Comments

© Copyright Shakun Times. Designed by Rktechzone .