मेरठ, सिविल लाइन थाना क्षेत्र में गत दिवस एक विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न के अलावा गंभीर आरोप लगाए है। विवाहिता अपनी आठ महीने की बेटी को लेकर ससुराल पहुंची। गेट नहीं खुलने पर वह घर के बाहर धरने पर बैठ गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। विवाहिता ने घर के बाहर जमकर हंगामा किया। पुलिस ने विवाहिता को किसी तरह शांत किया। पुलिस दोनों पक्षों को लेकर थाने आ गई।
बुलंदशहर के सिकंदराबाद निवासी मोनू ने गत दिवस थाने पर तहरीर देते हुए कहा कि उनकी बहन की शादी 18 फरवरी 2025 को नंगलाबट्टू निवासी युवक के साथ हुई थी। शादी के बाद ससुराल पक्ष ने 30 लाख रुपये की मांग की, जिसे परिवार ने पूरा कर दिया। इसके बावजूद पति व ससुराल पक्ष द्वारा विवाहिता को प्रताड़ित किया जाता रहा। प्रसव से पूर्व पति ने विवाहिता को मायके भेज दिया था। दिसंबर 2025 को उसने बेटी को जन्म दिया। बेटी के जन्म के बाद ससुराल पक्ष का रवैया और खराब हो गया। आरोप है कि पति व ससुराल पक्ष से कोई भी उसे व उसकी बेटी को लेने के लिए नहीं आया।
गत दिवस विवाहिता बेटी को लेकर ससुराल पहुंच गई। पीड़िता को देखते ही ससुराल वालों ने दरवाजा बंद कर लिया। काफी प्रयास के बावजूद दरवाजा नहीं खोला गया। हंगामा बढ़ने पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत की। लेकिन पीड़िता को घर के अंदर प्रवेश नहीं मिल सका। इसके बाद पुलिस सभी को थाने ले गई। सीओ सिविल लाइन विश्व ज्योति राय का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

0 Comments