![]() |
| ब्यूरो चीफ सच्चिदानन्द राय की रिपोर्ट |
गोरखपुर। गोरखनाथ थाना क्षेत्र में घर से नाराज होकर निकले 13 वर्षीय बालक को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज तीन घंटे में सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस की इस तत्परता से बालक के परिजनों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार, 22 अगस्त 2026 की रात करीब 8 बजे हुमायूंपुर उत्तरी भरटोलिया निवासी विजय लक्ष्मी वर्मा पत्नी विनोद वर्मा ने थाना गोरखनाथ पहुंचकर सूचना दी कि उनका 13 वर्षीय पुत्र अंश वर्मा घर से नाराज होकर निकल गया है और काफी देर बीतने के बावजूद वापस नहीं लौटा।
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी जटेपुर उत्तरी हैदर अली खान ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम के साथ तत्काल बालक की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए बालक के आवागमन का सुराग जुटाया और उसके संभावित स्थानों पर तलाश शुरू कर दी।
लगातार प्रयास करते हुए पुलिस टीम गोरखपुर रेलवे स्टेशन पहुंची, जहां सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर प्लेटफॉर्म संख्या-1 से अंश वर्मा को सकुशल बरामद कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिलने के करीब तीन घंटे के भीतर बालक को बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बच्चे के सकुशल मिलने पर परिजनों ने गोरखनाथ पुलिस की तत्परता और कार्यप्रणाली की सराहना की।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी जटेपुर उत्तरी हैदर अली खान, कांस्टेबल रामहरख चौहान, रिजर्व कांस्टेबल उत्कर्ष सिंह एवं रिजर्व कांस्टेबल आकाश पाण्डेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


0 Comments