जिलाधिकारी जसजीत कौर की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में हुआ सजीव प्रसारण कार्यक्रम।
रिपोर्ट: अक्षय चौहान
बिजनौर :---- मा० मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश द्वारा मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के शुभारंभ के अवसर पर आज कलक्ट्रेट सभागार में सजीव प्रसारण कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी जसजीत कौर की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में जनपद के अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों एवं स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों के प्राचार्यों, शिक्षकों तथा संबंधित अधिकारियों ने सहभागिता करते हुए मुख्यमंत्री के उद्बोधन का सजीव प्रसारण देखा।
जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षक समाज की अमूल्य धरोहर हैं। प्रदेश सरकार उनके स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना लागू कर रही है। इस योजना के माध्यम से शिक्षकों एवं उनके पात्र आश्रितों को सूचीबद्ध चिकित्सालयों में गुणवत्तापूर्ण एवं कैशलेस उपचार की सुविधा प्राप्त होगी, जिससे उन्हें आकस्मिक अथवा गंभीर बीमारी की स्थिति में आर्थिक चिंता से मुक्ति मिलेगी।उन्होंने कहा कि यह योजना शिक्षकों के सम्मान, सुरक्षा एवं कल्याण के प्रति प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण है। सभी पात्र शिक्षकों को योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक औपचारिकताएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने तथा अधिक से अधिक शिक्षकों को इस योजना से जोड़ने के निर्देश भी दिए।कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी द्वारा अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों एवं स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों के पात्र शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए। शिक्षकों ने इस जनकल्याणकारी पहल के लिए प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे उनके स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह, डीसी जी राम जी आरबी यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला विकास अधिकारी रचना गुप्ता, संबंधित विभागों के अधिकारी, महाविद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

0 Comments