Snider Image 1 Snider Image 2 Snider Image 3
1 जनवरी 2025 को शकुन टाइम्स न्यूज़ पोर्टल का शुभारंभ, सही और सटीक खबरों के साथ आपके विश्वास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के संकल्प के साथ।

पालघर जिले में छत्रपति शिवाजी महाराज महाराजस्व समाधान शिविर अभियान का शुभारंभ


जिलाधिकारी कार्यालय में दिव्यांगजनो के लिए निशुल्क सहायता उपकरण वितरित


 संवाददाता : मृत्युंजय पान्डेय 


पालघर (बोईसर)जिला कलेक्टर कार्यालय एवं जिला परिषद पालघर के संयुक्त तत्वावधान तथा शिवशक्ति सेवा फाउंडेशन, पालघर के सहयोग से छत्रपति शिवाजी महाराज महाराजस्व समाधान शिविर अभियान के अंतर्गत दिव्यांगजनों के लिए निःशुल्क सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम का आयोजन बुधवार (22 जुलाई) को जिला परिषद पालघर के जननायक बिरसा मुंडा सभागार में किया गया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के जन्मदिवस एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री स्वर्गीय अजितदादा पवार की जयंती के अवसर पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।


कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी एवं जिला दंडाधिकारी डॉ. इंदुराणी जाखड़ ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज रानडे ने की। इस अवसर पर उपमुख्य कार्यकारी अधिकारी इजाज अहमद, शिवशक्ति सेवा फाउंडेशन के संयोजक राजेश दुबे, महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी व्यंकटराव हुंडेकर तथा दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग के सहायक आयुक्त डॉ. प्रकाश हसनाळकर उपस्थित रहे।


इस अभियान के तहत 15 बैसाखियां, 15 वॉकर, 14 व्हीलचेयर, 10 इलेक्ट्रिक ट्राइसाइकिल, 20 कृत्रिम हाथ-पैर, 55 श्रवण यंत्र तथा 28 सफेद छड़ियां सहित कुल 157 सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए। इसके लिए 154 दिव्यांगजनों का पंजीकरण किया गया था, जिनमें से 74 लाभार्थियों को कार्यक्रम के दौरान उपकरण वितरित किए गए। शेष पात्र लाभार्थियों को भी शीघ्र ही उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।


कृत्रिम हाथ-पैर की आवश्यकता वाले 20 लाभार्थियों का माप लिया गया है और उनकी आवश्यकता के अनुसार कृत्रिम अंग उपलब्ध कराए जाएंगे। वहीं, इलेक्ट्रिक ट्राइसाइकिल के लिए पात्र 10 लाभार्थियों को भी जल्द ही यह सुविधा प्रदान की जाएगी।


अपने संबोधन में जिलाधिकारी डॉ. इंदुराणी जाखड़ ने कहा कि दिव्यांगजन समाज का अभिन्न अंग हैं और उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने तथा समाज की मुख्यधारा में आगे बढ़ने का समान अधिकार है। उन्होंने शिवशक्ति सेवा फाउंडेशन एवं दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वितरित किए गए उपकरण उच्च गुणवत्ता के हैं और लाभार्थियों के दैनिक जीवन में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होंगे। उन्होंने शिक्षकों से विशेष रूप से अपील की कि श्रवण बाधित विद्यार्थियों को श्रवण यंत्रों का प्रभावी उपयोग सिखाने के लिए आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान करें।


शिवशक्ति सेवा फाउंडेशन के संयोजक राजेश दुबे ने कहा कि वे दिव्यांगजनों को अपने परिवार का सदस्य मानते हैं और भविष्य में भी पालघर जिले के दिव्यांगों के कल्याण के लिए प्रशासन को हर संभव सहयोग देते रहेंगे।


मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज रानडे ने दिव्यांगजनों के लिए यूडीआईडी (UDID) कार्ड के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भविष्य में विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ इसी कार्ड के माध्यम से मिलेगा। उन्होंने सभी पात्र दिव्यांगजनों से यूडीआईडी कार्ड बनवाने की अपील की। उन्होंने बताया कि दिव्यांगों को सुविधाएं आसानी से उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभाग को भूतल पर स्थानांतरित किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार दिव्यांगजनों के साथ मजबूती से खड़ी है और ऐसे कार्यक्रम उनके आत्मविश्वास को और सशक्त बनाते हैं।


कार्यक्रम का प्रस्ताविक डॉ. प्रकाश हसनाळकर ने रखा, जबकि संचालन डॉ. स्मिता सुधीर मालवदे ने किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में मेघा जाधव, कल्पिता जाधव, सुरेश चव्हाण, जयेश संखे तथा पालघर जिले के दिव्यांग विद्यालयों के शिक्षकों एवं कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा।

Post a Comment

0 Comments

© Copyright Shakun Times. Designed by Rktechzone .