फोटो नम्बर- एक्सईएन को पत्रक सौंपते प्रधानपति सतीश गुप्ता
चंदौली
चहनियां। पीडियूनगर से चहनियां तक नव निर्मित संपर्क मार्ग पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए खण्डवारी के प्रधान प्रतिनिधि सतीश गुप्ता ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार को पत्रक सौंपकर सड़क सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम कराने की मांग की। उन्होंने विशेष रूप से घनी आबादी वाले क्षेत्रों में रेडियम डिवाइडर, रिफ्लेक्टर एवं दिशा सूचक बोर्ड लगाए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया। सतीश गुप्ता ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप लोक निर्माण विभाग द्वारा पीडियूनगर से चहनियां बाजार तक संपर्क मार्ग का निर्माण उच्च गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों के अनुसार कराया गया है। सड़क बनने से लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिली है, लेकिन सड़क पर सुरक्षा संबंधी आवश्यक व्यवस्थाएं नहीं होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। खासकर रात्रि के समय वाहन चालकों को मोड़, कट एवं आबादी वाले क्षेत्रों का सही अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे हादसों की आशंका बढ़ जाती है। उन्होंने अधिशासी अभियंता से मांग की कि जनहित को ध्यान में रखते हुए इस मार्ग पर रेडियम डिवाइडर, रिफ्लेक्टर, दिशा सूचक बोर्ड, चेतावनी संकेतक तथा अन्य आवश्यक सड़क सुरक्षा उपकरण शीघ्र स्थापित कराए जाएं, ताकि दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि विभाग सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है। नव निर्मित मार्ग पर जहां-जहां आवश्यकता महसूस की गई है, वहां सुरक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाएं चरणबद्ध तरीके से कराई जाएंगी। कार्यदायी संस्था को निर्देशित कर दिया गया है कि घनी आबादी वाले क्षेत्रों, प्रमुख चौराहों, मोड़ों एवं दुर्घटना संभावित स्थलों पर शीघ्र ही दिशा सूचक बोर्ड, रिफ्लेक्टर, कैट-आई, चेतावनी संकेतक एवं अन्य सुरक्षा उपकरण लगाए जाएं।

0 Comments