अहमद राजा की रिपोर्ट
सोनभद्र
म्योरपुर सोनभद्र। म्योरपुर थाना क्षेत्र के धनखोर ग्राम पंचायत अंतर्गत जुरा गांव में अंधविश्वास और पारिवारिक विवाद के बीच एक वृद्ध महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपने ही भतीजे पर डायन कहकर प्रताड़ित करने तथा विरोध करने पर घर में घुसकर लाठी-डंडे से हमला कर उसका हाथ तोड़ देने का आरोप लगाया था। महिला ने पुलिस से कार्रवाई और न्याय की मांग की थी।
जानकारी के अनुसार जुरा गांव निवासी इंद्रमनिया रविवार को अपने पुत्र के साथ म्योरपुर थाने पहुंचीं और लिखित तहरीर देकर बताया कि उनके देवर का बेटा वसंत लंबे समय से उन्हें डायन कहकर अपमानित और प्रताड़ित करता रहा है। पीड़िता का आरोप है कि दो दिन पूर्व विरोध करने पर आरोपी घर में घुस आया और लाठी-डंडे से हमला कर दिया, जिससे उनका एक हाथ गंभीर रूप से घायल होकर टूट गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अंधविश्वास के नाम पर उन्हें लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।
मामले में उपनिरीक्षक श्रीराम यादव ने बताया कि सूचना मिलने पर दोनों पक्षों को थाने बुलाकर बातचीत कराई गई। दोनों पक्ष घायल महिला का इलाज कराने की आपसी सहमति पर राजी हो गए, जिसके बाद मामले का निस्तारण आपसी समझौते के आधार पर कर दिया गया।

0 Comments