गोरखपुर
संवाददाता अम्बेश यादव
गोरखपुर। सहजनवा थाना क्षेत्र के ओडवलिया गांव में नाबालिग लड़कियों से कथित छेड़छाड़ का विरोध करने पर एक ही परिवार की महिलाओं के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि घटना के कई दिन बाद भी पुलिस मुख्य आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही है, जिससे परिवार में भय और आक्रोश का माहौल है।
पीड़ित परिवार के अनुसार, गांव के कुछ युवकों द्वारा नाबालिग लड़कियों को कथित रूप से छेड़ा जा रहा था। जब परिवार की महिलाओं ने इसका विरोध किया, तो आरोप है कि आरोपियों ने दादी, बेटी और पौत्री समेत अन्य महिलाओं के साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया।
घटना के संबंध में पीड़ित पक्ष की तहरीर पर सहजनवा पुलिस ने मंजूर, शबलू, अमन और लाडो के खिलाफ बलवा, मारपीट और जान से मारने की धमकी सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। हालांकि, पीड़ित महिलाओं का कहना है कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद अब तक आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई नहीं की गई है। उनका आरोप है कि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे परिवार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।
उधर, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

0 Comments