संवाददाता : अहमद राजा
सोनभद्र
सोनभद्र: हाथीनाला-रेणुकूट मार्ग पर मंगलवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक ट्रेलर चालक की दर्दनाक मौत हो गई। रात करीब 10 बजे भुतहिया पुलिया के पास रेणुकूट की ओर जा रहा ट्रेलर अनियंत्रित होकर पुलिया के नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चालक ट्रेलर के केबिन में बुरी तरह फंस गया, जबकि खलासी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही हाथीनाला, पिपरी और रेणुकूट पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। टीम निशा सिंह के सदस्य विजय प्रताप सिंह भी अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू में सहयोग किया।
चालक को निकालने के लिए पहले काफी देर तक प्रयास किए गए, लेकिन ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण सफलता नहीं मिली। इसके बाद रेणुकूट पुलिस गैस कटर मिस्त्री को मशीन सहित घटनास्थल पर लेकर पहुंची। ट्रेलर की बॉडी काटकर चालक तक पहुंचने की कोशिश की गई, लेकिन वह केबिन में बुरी तरह फंसा रहा।
भोर करीब चार बजे क्रेन पहुंचने के बाद ट्रेलर को हटाकर चालक को बाहर निकाला जा सका। हालांकि तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान प्रमोद कुमार (24) पुत्र दिनेश कुमार, निवासी ग्राम रमसगरा, थाना राजगढ़, जनपद मिर्जापुर के रूप में हुई। उसे तत्काल हिंडाल्को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को मर्चरी में रखवाकर पोस्टमार्टम सहित आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
टीम निशा सिंह के सदस्य विजय प्रताप सिंह के अनुसार, हादसे के बाद चालक करीब तीन से चार घंटे तक जीवित था, लेकिन केबिन में बुरी तरह फंसे होने के कारण उसे समय पर बाहर नहीं निकाला जा सका।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाथीनाला-रेणुकूट मार्ग पर लगातार सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं और अब तक कई लोगों की जान जा चुकी है। लोगों ने सरकार से इस मार्ग को शीघ्र फोरलेन में परिवर्तित कराने की मांग की है।

0 Comments