रिपोर्ट: सच्चिदानन्द राय
गोरखपुर
गोरखपुर में मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। जिला अस्पताल परिसर से कथित रूप से अगवा की गई 10 वर्षीय बच्ची का शव गुरुवार सुबह बरामद कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी सिपाही की निशानदेही पर नदी से बच्ची का शव बरामद किया। प्रारंभिक जांच में पुलिस दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जता रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी सिपाही अभिषेक यादव गोरखपुर में डायल-112 सेवा में तैनात है। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर गुरुवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे नदी से बच्ची का शव बरामद किया गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
बताया जा रहा है कि आरोपी सिपाही का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह पूर्व में पश्चिम बंगाल की एक युवती से दुष्कर्म के मामले में जेल जा चुका है तथा उस दौरान उसे निलंबित भी किया गया था। वर्तमान मामला गोरखपुर के कोतवाली क्षेत्र का बताया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

0 Comments