सांकेतिक फोटो

वाराणसी 


देवेन्द्र पाण्डेय


जिले के सारनाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत सलारपुर गांव में पानी भरने को लेकर शुरू हुए मामूली विवाद ने घरेलू हिंसा का भयावह रूप ले लिया।पीड़िता के आरोप के अनुसार,उसके पति अमित कुमार,सास ने पानी के पाइप,लाठी-डंडों से पीटा।मारपीट इतनी निर्मम थी कि महिला को गंभीर आंतरिक चोटें आईं और वह फिलहाल जीवन-मृत्यु से जूझ रही है।


पीड़िता वर्तमान में सारनाथ क्षेत्र के पुराना आरटीओ ऑफिस के पास प्राइवेट अस्पताल में भर्ती है,जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। लगातार ब्लीडिंग की शिकायत के साथ महिला ने अस्पताल के बेड से अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि विवाद पानी के उपयोग को लेकर शुरू हुआ,जिसमें सास और पति ने मिलकर उसे पाइप से पीटा।पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि शादी के समय दहेज दिया गया था,लेकिन अब भी दहेज की मांग की जा रही है।साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि ससुराल पक्ष ने किसी दवा के जरिए पीड़िता के गर्भ में पल रहे बच्चे को भी नुकसान पहुंचा दिया।


परिजनों ने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं।उन्होंने बताया कि शिकायत लेकर सारनाथ थाने और सरैयां चौकी पहुंचने पर पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की।

अब पीड़िता की मां ने सारनाथ थाने में लिखित तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई कि “मेरी बेटी की शादी सलारपुर में अमित सोनकर के साथ हुई थी।उसके दो बच्चे हैं।मेरी बेटी की हालत बहुत खराब है,वह जिंदगी और मौत से जूझ रही है।हमें न्याय चाहिए।”

डरी-सहमी पीड़िता ने प्रशासन और उच्चाधिकारियों से इंसाफ की गुहार लगाई है।