रिपोर्ट: देवेन्द्र पाण्डेय
वाराणसी के लालपुर-पाण्डेयपुर थाना क्षेत्र के लमही स्थित मढ़वा इलाके में पारिवारिक विवाद का एक गंभीर मामला सामने आया है,जहां एक युवक ने अपने ही माता-पिता के मकान में पेट्रोल डालकर आग लगाने का प्रयास किया। इस घटना से घर में रह रही किरायेदार महिला दहशत में आ गई और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।मिली जानकारी के अनुसार मकान मालकिन इन दिनों अपने पति के साथ महोबा में रहती हैं। उनके पति सिंचाई विभाग में प्रभागीय लेखाधिकारी के पद पर तैनात हैं। बताया गया कि यह मकान बैंक लोन लेकर बनवाया गया है और इसकी किस्त अभी भी उनके खाते से जमा की जा रही है। पहले इस मकान में उनका बड़ा बेटा शिवम (26) अपनी पत्नी और बच्चे के साथ रहता था, लेकिन सितंबर 2025 में पारिवारिक विवाद के बाद वह घर छोड़कर चला गया था और तब से परिवार से उसका संपर्क भी टूट गया था।प्रार्थना पत्र के अनुसार 10 मार्च 2026 को शिवम ने अपने पिता को फोन कर घर से सामान लेने की बात कही। जब पिता ने छुट्टी में आने के बाद सामान देने की बात कही तो शिवम ने मैसेज कर धमकी दी कि वह ताला तोड़कर सामान ले जाएगा और जो करना हो कर लिया जाए।बताया गया कि 12 मार्च की सुबह शिवम सफेद कार से मकान पर पहुंचा और गेट खोलने के लिए वहां रह रही किरायेदार महिला मिसब्बा को धमकाने लगा। महिला के डरकर कमरे में बंद हो जाने के बाद उसने फोन पर धमकी दी कि मकान में पेट्रोल डालकर सब कुछ जला देगा।
आरोप है कि इसके बाद युवक पड़ोसी के मकान की दीवार फांदकर घर में घुस गया और दरवाजे तोड़ने का प्रयास किया। कुछ देर बाद वह फिर लौटा और दो बोतलों में पेट्रोल लेकर घर के दरवाजों और खिड़कियों पर डाल दिया। जैसे ही वह सीढ़ी के मुख्य दरवाजे पर आग लगाने लगा, तभी कॉलोनी के एक व्यक्ति मौके पर पहुंच गए। उन्हें देखकर आरोपी दीवार फांदकर कार से फरार हो गया।स्थानीय लोगों ने किसी तरह आग बुझाई,जिससे बड़ा हादसा टल गया। पूरी घटना मकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद बताई जा रही है।घटना के बाद मकान में रह रही महिला और उसके पति काफी भयभीत हैं। वहीं मकान मालिक परिवार ने लालपुर-पाण्डेयपुर थाने में तहरीर देकर बेटे के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

0 Comments