रिपोर्ट:देवेन्द्र पाण्डेय
वाराणसी के न्यायालय में आदेश वाहक (प्रोसेस सर्वर) के पद पर तैनात रामबहादुर भंडारी पर न्यू कॉलोनी सोयेपुर (देवा कॉलेज के पीछे) इलाके में कोर्ट की नोटिस/सम्मन तामील करने के दौरान अज्ञात व्यक्ति ने अचानक प्राणघातक हमला कर दिया।हमलावर ने बिना किसी पूर्व सूचना या कारण के उन पर हमला किया,जिससे सिर,चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं।भंडारी बेहोश हो गए और उनकी हालत चिंताजनक हो गई।घटना का समय शाम लगभग 4:15 बजे बताया जा रहा है।घायल रामबहादुर भंडारी को तुरंत ट्रॉमा सेंटर दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया गया,जहां से उनकी हालत को देखते हुए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।वे अभी डॉक्टरों की निगरानी में हैं।सिविल कोर्ट वाराणसी के केंद्रीय नाजिर अरविंद कुमार सिंह ने लालपुर थाने में लिखित तहरीर देकर घटना की जानकारी दी।उन्होंने बताया कि रामबहादुर भंडारी नजारत अनुभाग में कार्यरत हैं और सरकारी ड्यूटी पर नोटिस तामील करने गए थे।हमले को सरकारी/न्यायिक कार्य में व्यवधान डालने वाला बताया गया है।लालपुर पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है।जांच के दौरान आरोपी की पहचान हिमांशु पांडेय के रूप में हुई,जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।आरोपी से पूछताछ जारी है और हमले के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है।

0 Comments