Snider Image 1 Snider Image 2 Snider Image 3
1 जनवरी 2025 को शकुन टाइम्स न्यूज़ पोर्टल का शुभारंभ, सही और सटीक खबरों के साथ आपके विश्वास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के संकल्प के साथ।

सिलेंडर के लिए सड़क बनी ‘एजेंसी’, महाराज नगर में गैस वितरण ने कराया रोड जाम




जुनैद खान 


लखीमपुर खीरी।  महाराज नगर की भारत गैस एजेंसी पर शुक्रवार को ऐसा नजारा देखने को मिला मानो सड़क ही गैस एजेंसी में तब्दील हो गई हो। सिलेंडर लेने पहुंचे उपभोक्ताओं की भारी भीड़ के बीच एजेंसी ने सड़क पर ही सिलेंडर बांटना शुरू कर दिया, नतीजा यह हुआ कि पूरी रोड जाम हो गई और आवागमन पूरी तरह ठप पड़ गया। सिलेंडर लेने के लिए लोग घंटों लाइन में खड़े रहे, जबकि सड़क पर खड़े वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। राहगीर और वाहन चालक जाम में फंसकर एजेंसी की ‘बेहतरीन व्यवस्था’ को कोसते नजर आए। लोगों का कहना था कि अगर यही हाल रहा तो जल्द ही सड़कें ही गैस गोदाम और एजेंसियों का नया ठिकाना बन जाएंगी। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार एजेंसी परिसर में पर्याप्त व्यवस्था न होने के कारण उपभोक्ताओं को सड़क पर ही सिलेंडर लेने के लिए मजबूर होना पड़ा। कई बार लोगों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बन गई। जाम के कारण स्कूली वाहन, दफ्तर जाने वाले कर्मचारी और स्थानीय दुकानदार भी खासे परेशान नजर आए। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह कोई पहली बार नहीं है, इससे पहले भी गैस वितरण के दौरान इसी तरह की अव्यवस्था देखने को मिल चुकी है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी आंख मूंदे बैठे रहते हैं। लोगों ने आरोप लगाया कि यदि समय रहते व्यवस्था दुरुस्त की जाती तो सड़क पर इस तरह का जाम और अफरा-तफरी की स्थिति पैदा नहीं होती। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गैस एजेंसी के बाहर हो रही इस अव्यवस्था पर तत्काल संज्ञान लिया जाए और सिलेंडर वितरण की समुचित व्यवस्था कराई जाए, ताकि आम जनता को रोज-रोज की इस परेशानी से छुटकारा मिल सके।

Post a Comment

0 Comments

© Copyright Shakun Times. Designed by Rktechzone .