शकुन टाइम्स
रिपोर्ट: मिथलेश कुमार
पटना
कहलगाँव विधानसभा क्षेत्र के विधायक, ने मंगलवार को बिहार विधानसभा में क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। तारांकित प्रश्न, शून्यकाल, ध्यानाकर्षण, निवेदन एवं याचिका के माध्यम से उन्होंने सड़क, यातायात, पर्यटन एवं ग्रामीण विकास से जुड़े मुद्दों पर सरकार का ध्यान आकृष्ट किया।
तारांकित प्रश्न के तहत गोराडीह प्रखंड के उस्तू पंचायत के मिरनपुर से खुटाहा पंचायत के तालठोका पुल होते हुए जमसी माक्षीपुर पंचायत के कोयला तक सड़क निर्माण की मांग उठाई गई। सरकार ने बताया कि संबंधित बसावटें पूर्व से संपर्क पथों से जुड़ी हैं तथा प्रस्तावित मार्ग में कृषि योग्य व निजी भूमि है। इस पर विधायक ने पुनः स्थलीय जांच कर वास्तविक स्थिति का आकलन कराने की मांग की।
दूसरे प्रश्न में मरीन ड्राइव सड़क के विस्तार का मुद्दा उठाया गया। सरकार ने बताया कि परियोजना HAM मॉडल के अंतर्गत स्वीकृत है और निर्माण कार्य प्रगति पर है। विधायक ने कार्य की गुणवत्ता व समयबद्धता सुनिश्चित करने तथा सबौर से कहलगाँव होते हुए बटेश्वर स्थान तक विस्तार पर विचार करने की मांग की।
शून्यकाल में उन्होंने कहलगाँव में एनटीपीसी के भारी वाहनों एवं राष्ट्रीय राजमार्ग-80 पर लगातार लगने वाले जाम की समस्या उठाते हुए समर्पित ट्रैफिक थाना की स्थापना की मांग की।
ध्यानाकर्षण के माध्यम से भागलपुर जिले के गोराडीह अंचल स्थित विशनपुर जिच्छो के प्राचीन धार्मिक महत्व वाले 8.28 एकड़ के पोखर के सौंदर्यीकरण, पक्का घाट, प्रकाश व्यवस्था एवं साफ-सफाई की व्यवस्था कराने की मांग की।
निवेदन के तहत प्रशस्तडीह मोड़ से सिमरो तक जर्जर कच्ची सड़क के पक्कीकरण तथा याचिका के माध्यम से सन्हौला प्रखंड के तेलौन्धा पंचायत के पकड़िया गांव में जर्जर संपर्क सड़क के पुनर्निर्माण का मुद्दा उठाया।
विधायक ने कहा कि वे क्षेत्र के समग्र विकास एवं जनता की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव प्रतिबद्ध हैं और जनहित के मुद्दे लगातार सदन में उठाते रहते है
0 Comments