गोरखपुर
शकुन टाइम्स
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय इकाई के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को समाज कल्याण विभाग कार्यालय पर प्रदर्शन कर एससी/एसटी एवं जनजाति छात्रावास भवन को विश्वविद्यालय को हस्तांतरित करने तथा छात्र हित में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की मांग की। इस संबंध में विभाग को ज्ञापन भी सौंपा गया।
कार्यकर्ताओं का कहना था कि अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के अनेक छात्र उच्च शिक्षा के लिए गोरखपुर आते हैं, लेकिन छात्रावास सुविधा के अभाव में उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। छात्रावास भवन का निर्माण पूर्ण होने के बावजूद अब तक आवंटन प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है। भवन में फर्नीचर, जल, विद्युत, स्वच्छता और सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं। विभाग और विश्वविद्यालय के बीच हस्तांतरण प्रक्रिया लंबित होने से छात्र हित प्रभावित हो रहे हैं।
अभाविप महानगर मंत्री अभिषेक मौर्य ने कहा कि परिषद सदैव छात्रों के शैक्षणिक एवं सामाजिक हितों के लिए प्रतिबद्ध रही है। वहीं विश्वविद्यालय इकाई मंत्री अरविंद मिश्रा ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन उग्र आंदोलन को बाध्य होगा।
प्रदर्शन के दौरान आदित्य सिंह, अंजली राय, हर्षित मालवीय, प्रशांत त्रिपाठी, अनुराग मिश्र, आदित्य राय, अर्चित मिश्र, शुभांग सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

0 Comments