आम के बगीचे में मिला 35 वर्षीय युवक का शव, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
अरविन्द कुमार की रिपोर्ट
महाराजगंज
पनियरा। लक्ष्मीपुर ग्रामसभा के टोला बगदुलरी में सोमवार सुबह आम के बगीचे में 35 वर्षीय रमेश निषाद का शव पेड़ से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में घटनास्थल की जांच कराई। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
ग्राम प्रधान ने दी पुलिस को सूचना
सोमवार सुबह करीब 8:45 बजे ग्राम प्रधान ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह मुजुरी चौकी प्रभारी और पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उच्चाधिकारियों को सूचना देने के बाद फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की।
मोमो की दुकान से चलता था परिवार
रमेश निषाद मोमो की दुकान लगाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। परिवार में पत्नी कलावती और तीन बच्चे हैं। बड़ी बेटी काजल 17 वर्ष की है, जबकि बेटे अभिषेक और विवेक की उम्र क्रमशः 15 और 13 वर्ष है। परिजन रोज की तरह उसके घर लौटने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन उसकी मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जांच के बाद स्पष्ट होगी स्थिति
परिजनों से पूछताछ में घटना के कारणों की जानकारी नहीं मिल सकी। पुलिस ने भी फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं होने की बात कही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

0 Comments