भूमि मालिकों ने किराया बंद करने और धमकी देने का लगाया था आरोप, वर्ष 2025 में एसपी से की थी शिकायत
अरविन्द कुमार की रिपोर्ट
पनियरा (महराजगंज)। हसखोरी-महुअवा में पेट्रोल पंप के लिए किराये पर दी गई जमीन को लेकर विवाद गहरा गया है। भूमि मालिकों ने किराया बंद करने, अनुबंध का उल्लंघन करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए 19 अगस्त 2025 को पुलिस अधीक्षक महराजगंज से शिकायत की थी। भूमि मालिकों का आरोप है कि जमीन के किराये को लेकर शुरू हुआ विवाद पुरानी रंजिश में बदल गया, जिसका असर नाली विवाद पर भी पड़ा।
शिकायत के मुताबिक, अशोक वर्मा, सुनील वर्मा, अनिल वर्मा और स्वर्गीय पारसनाथ वर्मा की पत्नी सुमित्रा देवी ने आराजी संख्या 759 की 0.057 हेक्टेयर भूमि पेट्रोल पंप निर्माण के लिए किराये पर दी थी। अनुबंध के तहत 20 वर्ष तक प्रतिमाह 20,500 रुपये किराया देने पर सहमति बनी थी। आरोप है कि आठ मार्च 2021 से 25 सितंबर 2022 तक विभिन्न बैंक खातों के माध्यम से किराये का भुगतान किया गया। इसके बाद किराया देना बंद कर दिया गया।
भूमि मालिकों का आरोप है कि बकाया किराये और पारिवारिक बंटवारे को लेकर विवाद बढ़ा। शिकायत में स्टांप पेपर की चोरी का आरोप लगाकर दबाव बनाने और जान से मारने की धमकी देने की बात भी कही गई थी। उनका कहना है कि पुरानी रंजिश के चलते नाली को लेकर भी विवाद हुआ।
भूमि मालिकों ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और बकाया किराये के भुगतान के लिए उचित कदम उठाने की मांग की थी। हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। संबंधित पक्षों का पक्ष और पुलिस की जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

0 Comments