Snider Image 1 Snider Image 2 Snider Image 3
1 जनवरी 2025 को शकुन टाइम्स न्यूज़ पोर्टल का शुभारंभ, सही और सटीक खबरों के साथ आपके विश्वास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के संकल्प के साथ।

जुए के अड्डे पर पुलिस का धावा,भागने की कोशिश में दो जुआरी पहली मंजिल से कूदे;₹98 हजार और 7 मोबाइल बरामद

 


रिपोर्ट:देवेन्द्र पाण्डेय


वाराणसी।लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र की ओम नगर कॉलोनी में रविवार को कथित जुए के अड्डे पर पुलिस और एसओजी-2 की संयुक्त छापेमारी से हड़कंप मच गया।पुलिस टीम के पहुंचते ही मौके पर मौजूद करीब 10 से 12 लोग भागने लगे।इसी दौरान दो लोगों ने पकड़े जाने के डर से पहली मंजिल से नीचे छलांग लगा दी,जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।



घायलों की पहचान राजेश जायसवाल (55) और नेत्रमणि तिवारी (40) के रूप में हुई है। दोनों को तत्काल दीनदयाल अस्पताल ले जाया गया,जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें हड्डी रोग विशेषज्ञ के लिए रेफर कर दिया। बाद में दोनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया,जहां उनका उपचार चल रहा है।



घटना से जुड़ा वीडियो भी सामने आया है,जिसमें घायल जुआरी को पुलिस और एसओजी-2 की टीम ब्लैक फिल्म लगी स्कॉर्पियो से निजी अस्पताल ले जाती दिखाई दे रही है।इस घटनाक्रम को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं।


पुलिस कार्रवाई के दौरान मौके से ₹98 हजार नकद,ताश की तीन गड्डियां और सात मोबाइल फोन बरामद किए गए।पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है,जबकि अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।पुलिस टीम की अचानक कार्रवाई से कथित जुए के अड्डे पर अफरा-तफरी मच गई और कई लोग मौके से भाग निकले।


सबसे बड़ा सवाल यह है कि कॉलोनी में कथित तौर पर जुए का अड्डा संचालित हो रहा था तो इसकी भनक पुलिस की स्थानीय निगरानी व्यवस्था को पहले क्यों नहीं लगी?छापेमारी के दौरान जुआरियों के पहली मंजिल से कूदकर घायल होने की घटना ने पुलिस कार्रवाई के साथ-साथ इलाके में चल रही गतिविधियों की निगरानी पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।


फिलहाल पुलिस बरामद नकदी,मोबाइल और ताश की गड्डियों को कब्जे में लेकर मामले की जांच कर रही है।यह भी पता लगाया जा रहा है कि मौके पर जुआ कितने समय से संचालित हो रहा था और इसके पीछे कौन लोग शामिल थे।

Post a Comment

0 Comments

© Copyright Shakun Times. Designed by Rktechzone .