Snider Image 1 Snider Image 2 Snider Image 3
1 जनवरी 2025 को शकुन टाइम्स न्यूज़ पोर्टल का शुभारंभ, सही और सटीक खबरों के साथ आपके विश्वास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के संकल्प के साथ।

घघरी गांव में रामलीला के 9वें दिन पहुंचे सांसद छोटेलाल खरवार, फीता काटकर किया शुभारंभ; ग्रामीणों ने रखी समस्याएं

 


सुभाष चंद्र यादव की रिपोर्ट 

सोनभद्र 

बभनी/घघरी। घघरी ग्राम पंचायत में आयोजित ऐतिहासिक रामलीला के नौवें दिन रविवार रात मुख्य अतिथि के रूप में सांसद छोटेलाल खरवार पहुंचे। सांसद ने विधिवत फीता काटकर नवें दिन की लीला का शुभारंभ किया। इस अवसर पर समिति के पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया।

कार्यक्रम के दौरान रामलीला समिति के अध्यक्ष प्रदीप पटेल और ग्राम प्रधान कृष्णानंद सोनी ने सांसद को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं से सांसद को अवगत कराया। ग्राम प्रधान कृष्णानंद सोनी ने रामलीला के लिए पक्के नवीन मंच, छठ घाट और श्मशान घाट के निर्माण की मांग सांसद के समक्ष रखी। वहीं, जनप्रतिनिधि अशोक सिंह खरवार ने वर्षों से बदहाल पड़े मुख्य संपर्क मार्ग (सड़क) की गंभीर समस्या को उठाया।

समस्याओं को सुनने के बाद सांसद छोटेलाल खरवार ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि जनहित और क्षेत्र के विकास के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। यदि आवश्यकता पड़ी तो इन मांगों को संसद में भी पूरी मजबूती से उठाया जाएगा।

संबोधन के दौरान सांसद ने प्रभु श्री राम के जीवन चरित्र, आदर्शों, भ्रातृत्व प्रेम और मर्यादा पर प्रकाश डालते हुए सभी से उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने गांव के युवा कलाकारों की प्रतिभा की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से हमारी संस्कृति और परंपराएं जीवंत रहती हैं।

नौवें दिन मंचन में स्थानीय कलाकारों ने माता सीता की खोज और लंका दहन प्रसंग का सजीव मंचन कर दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

इस मौके पर रामलीला समिति के अध्यक्ष प्रदीप पटेल, कोषाध्यक्ष अशोक कुमार खरवार, उपकोषाध्यक्ष मनोज प्रजापति सहित भारी संख्या में ग्रामीण और दर्शक उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments

© Copyright Shakun Times. Designed by Rktechzone .