Snider Image 1 Snider Image 2 Snider Image 3
1 जनवरी 2025 को शकुन टाइम्स न्यूज़ पोर्टल का शुभारंभ, सही और सटीक खबरों के साथ आपके विश्वास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के संकल्प के साथ।

70वीं प्रदेशीय माध्यमिक विद्यालय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का भव्य समापन

 



696 खिलाड़ियों ने दिखाया दम, कस्तूरबा गांधी, वाराणसी, मुरादाबाद, आगरा और गोरखपुर मंडल रहे ओवरऑल विजेता।

सच्चिदानंद राय ब्यूरो चीफ

सहजनवां, 

गोरखपुर


मुरारी इंटर कॉलेज, सहजनवां में 3 से 7 अक्टूबर तक आयोजित पांच दिवसीय 70वीं प्रदेशीय माध्यमिक विद्यालय ताइक्वांडो प्रतियोगिता-2026 का बुधवार को भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता में प्रदेश के 16 मंडलों तथा एक कस्तूरबा गांधी विद्यालय की टीमों ने प्रतिभाग किया। अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्गों में बालक-बालिकाओं ने विभिन्न भार वर्गों में अपनी प्रतिभा, दमखम और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।


696 खिलाड़ियों ने किया प्रतिभाग।


प्रतियोगिता में लगभग 333 बालक और 363 बालिकाओं समेत कुल 696 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। पांच दिनों तक चले रोमांचक मुकाबलों में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल भावना, अनुशासन और जुझारूपन का परिचय दिया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि सहजनवां उपजिलाधिकारी नमन मेहता रहे। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया। इसके बाद विजेता खिलाड़ियों और टीमों को सम्मानित किया गया। अंत में ध्वज अवरोहण के साथ प्रतियोगिता का विधिवत समापन हुआ।

मुख्य अतिथि नमन मेहता ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास और संघर्ष की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर मेहनत करते हुए अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

संयुक्त शिक्षा निदेशक गोरखपुर सतीश सिंह ने कहा कि प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करना खिलाड़ियों के लिए स्वयं में एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा को निरंतर निखारने तथा खेल के साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।


इन टीमों ने जीते ओवरऑल खिताब।


बालिका वर्ग में अंडर-14 आयु वर्ग का ओवरऑल खिताब कस्तूरबा गांधी विद्यालय ने अपने नाम किया। टीम ने 5 स्वर्ण और 2 कांस्य पदक हासिल किए। वहीं अंडर-17 और अंडर-19 बालिका वर्ग में वाराणसी मंडल ओवरऑल विजेता रहा। अंडर-17 में वाराणसी मंडल ने 5 स्वर्ण और 1 कांस्य, जबकि अंडर-19 में 4 स्वर्ण और 3 कांस्य पदक हासिल किए।

बालक वर्ग में अंडर-14 का ओवरऑल खिताब मुरादाबाद मंडल ने जीता। मुरादाबाद मंडल ने 2 स्वर्ण, 1 रजत और 3 कांस्य पदक हासिल किए। अंडर-17 में आगरा मंडल ने 3 स्वर्ण, 2 रजत और 3 कांस्य पदकों के साथ ओवरऑल विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं अंडर-19 बालक वर्ग में गोरखपुर मंडल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 स्वर्ण, 3 रजत और 1 कांस्य पदक के साथ ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

विजेता टीमों के कोच और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी नमन मेहता, संयुक्त शिक्षा निदेशक सतीश सिंह तथा जिला विद्यालय निरीक्षक अजीत कुमार सिंह ने शील्ड एवं मेडल पहनाकर सम्मानित किया।


17 रेफरियों ने संभाली निर्णायक की जिम्मेदारी।


प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में निर्णायकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रतियोगिता में कुल 17 रेफरी, जिनमें 14 पुरुष और 3 महिला रेफरी शामिल रहीं, ने विभिन्न मुकाबलों में निर्णायक की भूमिका निभाई। रेफरी टीम का नेतृत्व मोहित कुमार, संयुक्त सचिव, उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो एसोसिएशन ने किया। प्रतियोगिता के सफल संचालन में उनके योगदान के लिए मुख्य अतिथि एवं आयोजकों द्वारा उन्हें मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

समापन समारोह में जिला विद्यालय निरीक्षक गोरखपुर अजीत कुमार सिंह, विद्यालय के प्रबंधक सत्य प्रकाश सिंह, प्रधानाचार्य मेजर साकेत जी, उपप्रधानाचार्य सुप्रिया सिंह, जुबली इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. विश्व प्रकाश सिंह सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, विभिन्न टीमों के कोच, निर्णायक, शिक्षक-शिक्षिकाएं, सैकड़ों एनसीसी कैडेट्स, छात्र-छात्राएं तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments

© Copyright Shakun Times. Designed by Rktechzone .