मोतिहारी
जावेद आलम की रिपोर्ट
पूर्वी चम्पारण। तुरकौलिया थाना क्षेत्र के जयसिंहपुर रेतवा में मंगलवार को एक युवक की चाकू गोदकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान जयसिंहपुर खिरुआ बाजार निवासी भूलन साह के पुत्र दीपक कुमार के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि दीपक को सोमवार रात करीब आठ बजे सुनील के पुत्र सहित दो अन्य युवक घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे। इसके बाद मंगलवार को रेतवा स्थित घटनास्थल से दीपक का शव बरामद किया गया। स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि युवक के शरीर पर करीब 3 बार चाकू से वार किए गए हैं। हालांकि हत्या के वास्तविक कारणों की अभी अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही तुरकौलिया थाना पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। मौके पर मीट-भूंजा और एक मोटरसाइकिल की चाबी भी मिलने की बात सामने आई है। शव को देखने के लिए घटनास्थल पर सैकड़ों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और मृतक को घर से बुलाकर ले जाने वाले युवकों सहित अन्य संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हत्या के कारणों और घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

0 Comments