डीएम-एसपी ने किया घाट का निरीक्षण, साफ-सफाई से लेकर बैरिकेडिंग तक के निर्देश
रिपोर्ट: अरविन्द कुमार
महराजगंज। मूर्ति विसर्जन को सकुशल संपन्न कराने के लिए मंगलवार को डीएम गौरव सिंह सोगरवाल और एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने त्रिमुहानी घाट का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा, साफ-सफाई, प्रकाश और आपातकालीन व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। घाट पर सदर क्षेत्र की 12 और फरेंदा क्षेत्र की 14 प्रतिमाओं का विसर्जन होना है।
डीएम ने घाट पर बैरिकेडिंग, नाव, गोताखोर, प्राथमिक चिकित्सा और निर्बाध प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस, सीसीटीवी, मोबाइल टॉयलेट और वाटर टैंकर उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। घाट पर सिल्ट डलवाकर फिसलन रोकने और विसर्जन के बाद प्रतिमाओं के अवशेषों का उचित निस्तारण कराने को भी कहा।
एसपी ने पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त रखने और निर्धारित मार्गों पर एसओपी के अनुसार विसर्जन कराने के निर्देश दिए। आयोजकों से समन्वय कर रोस्टर के मुताबिक प्रतिमाओं का विसर्जन कराया जाएगा। घाट पर भीड़ नियंत्रित रखने, कंट्रोल रूम सक्रिय रखने और सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी के निर्देश भी दिए गए।
डीएम ने श्रद्धालुओं से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। निरीक्षण के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सदर, तहसीलदार सदर और नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

0 Comments