रिपोर्ट:देवेन्द्र पाण्डेय
वाराणसी।काशी के घाटों पर 22, 24 और 25 अक्तूबर को होने वाले एयर शो को लेकर स्वास्थ्य, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की तैयारियां तेज हो गई हैं। करीब 30 लाख लोगों के पहुंचने के अनुमान के बीच नमो घाट पर एयरफोर्स की मदद से छह बेड का अस्थायी अस्पताल बनाया जाएगा, जबकि बीएचयू अस्पताल, ट्रॉमा सेंटर समेत सरकारी और निजी अस्पतालों में 225 बेड सुरक्षित रखे जाएंगे। जिले के 24 ब्लड बैंकों में सभी ग्रुप के चार-चार यूनिट रक्त रिजर्व रखने के साथ डोनर्स की अपडेट सूची तैयार की जाएगी। घाटों के नजदीक 50 एंबुलेंस तैनात रहेंगी और सभी 84 घाटों को सेक्टरों में बांटकर प्रत्येक सेक्टर में मेडिकल टीम लगाई जाएगी। 20 अक्तूबर से सिटी कमांड सेंटर सक्रिय होगा, जहां स्वास्थ्य विभाग के चिकित्साधिकारी एयरफोर्स की मेडिकल टीम के साथ समन्वय करेंगे। अस्पतालों में जीवनरक्षक दवाएं और ऑक्सीजन उपकरण तैयार रखने के साथ मॉकड्रिल भी कराई जाएगी। नमो घाट से बीएचयू और मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा तक ग्रीन कॉरिडोर बनाया जाएगा। वहीं एयर शो के दौरान राजघाट पुल पर वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा और भीड़ को अलग-अलग मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा। 25 अक्तूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित तीनों सेनाओं के प्रमुखों के एयर शो देखने की संभावना के मद्देनजर एसपीजी, एटीएस समेत सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हैं। नमो घाट से रविदास घाट के बीच ग्रैंड रिहर्सल के दौरान गंगा में नाव और क्रूज संचालन भी रोका जाएगा। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, मंडलायुक्त एस राजलिंगम और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार समेत संबंधित विभागों के अधिकारी तैयारियों की लगातार समीक्षा कर रहे हैं।

0 Comments