Snider Image 1 Snider Image 2 Snider Image 3
1 जनवरी 2025 को शकुन टाइम्स न्यूज़ पोर्टल का शुभारंभ, सही और सटीक खबरों के साथ आपके विश्वास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के संकल्प के साथ।

फर्जी तलाशी अधिकारी बनकर महिला से छेड़छाड़ व ठगी का आरोपी गिरफ्तार




शाहपुर पुलिस ने 6,600 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की, आरोपी पर दर्ज हैं आठ मुकदमे

सच्चिदानंद राय की रिपोर्ट


गोरखपुर 

गोरखपुर। अपराध की रोकथाम एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत शाहपुर पुलिस ने महिला से छेड़छाड़, मंगलसूत्र चोरी, ऑनलाइन रुपये लेने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 6,600 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद करने का दावा किया है।



पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष अंजय कुमार सिंह के निर्देशन में उपनिरीक्षक विकास कुमार की टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की।


पुलिस ने विक्की बांसफोर पुत्र वीरेन्द्र बांसफोर, निवासी जटेपुर उत्तरी हुमायुपुर, थाना गोरखनाथ, गोरखपुर, उम्र करीब 35 वर्ष को 7 सितंबर 2026 की रात एक बजे बौलिया रेलवे कॉलोनी तिराहे के पास से गिरफ्तार किया।


तलाशी अधिकारी बताकर महिला को बनाया निशाना


पुलिस के मुताबिक, मामले में पीड़िता रीना पत्नी पहाड़ी, निवासी ग्राम सिमौर खानपुर, थाना हंसवर, जनपद अंबेडकरनगर, हाल निवासी बिछकवारे, थाना धनघटा, संतकबीरनगर ने शाहपुर थाने में तहरीर दी थी। आरोप है कि आरोपी ने महिला का पीछा किया और स्वयं को तलाशी अधिकारी बताते हुए उसकी तलाशी ली। इसी दौरान उसके साथ छेड़छाड़ करते हुए दो मंगलसूत्र चोरी कर लिए गए तथा ऑनलाइन माध्यम से 5,000 रुपये भी ले लिए गए। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया।


तहरीर के आधार पर शाहपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 411/2026, धारा 74, 303(2), 318(4) एवं 351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।


बरामदगी के आधार पर धाराएं बढ़ाईं


पुलिस ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसके कब्जे से मुकदमे से संबंधित 6,600 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त एक स्कूटी बरामद की गई। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) एवं 317(4) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई है। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।


आरोपी पर पहले से दर्ज हैं आठ मुकदमे


पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके विरुद्ध गोरखपुर और देवरिया के विभिन्न थानों में कुल आठ मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। इनमें लूट, चोरी का माल रखने, मारपीट, धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमे शामिल हैं।


गिरफ्तारी करने वाली टीम


थानाध्यक्ष अंजय कुमार सिंह, थाना शाहपुर

उपनिरीक्षक विकास कुमार, चौकी प्रभारी जेल रोड

 कांस्टेबल जलालुद्दीन

 कांस्टेबल विक्रांत सिंह


शाहपुर पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान को लेकर पुलिस की सक्रियता चर्चा में है।

Post a Comment

0 Comments

© Copyright Shakun Times. Designed by Rktechzone .