मोतिहारी से जावेद आलम की रिपोर्ट
घोड़ासहन। थाना क्षेत्र के मधुबनी पंचायत के वार्ड संख्या-11 में रविवार को अरुणा नदी में डूबने से 13 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। मृतक की पहचान मधुबनी गांव निवासी राहुल कुमार, पिता हितलाल प्रसाद के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है।
बताया जाता है कि रविवार को राहुल कुमार अरुणा नदी के समीप गया था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह नदी में गिर गया और गहरे पानी में डूब गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों और परिजनों में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने काफी प्रयास के बाद किशोर को नदी से बाहर निकाला। इसके बाद उसे तत्काल घोड़ासहन अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मोतिहारी रेफर कर दिया। हालांकि, मोतिहारी ले जाने के दौरान अथवा अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की। अपर थानाध्यक्ष आशीष कुमार ने बताया कि मृतक के शव का सदर अस्पताल मोतिहारी में पोस्टमार्टम कराया जा चुका है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
इधर, राहुल की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि कम उम्र में किशोर की असमय मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। राहुल तीन भाइयों व एक बहन में सबसे छोटा और आठवीं कक्षा का छात्र था। घटना के बाद ग्रामीणों ने नदी एवं अन्य जलस्रोतों के आसपास बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता जताई

0 Comments