संवाददाता: आनंद पांडेय
गणेश शुक्ला के घर से यादव टोला की ओर जाने वाला मार्ग बदहाल, कई बार शिकायत के बावजूद नहीं हुई मरम्मत
हरपुर बुदहट/गोरखपुर। ग्राम पंचायत बुधहट में विकास के दावों के बीच एक ऐसा रास्ता भी है, जो पिछले करीब 20 वर्षों से अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। गणेश शुक्ला के घर से होते हुए यादव टोला की ओर जाने वाला मार्ग कीचड़ और गंदगी से भरा रहता है। इससे ग्रामीणों और राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि बरसात के दिनों में इस रास्ते की स्थिति और भी बदतर हो जाती है। वहीं, सामान्य दिनों में भी रास्ते पर गंदगी और कीचड़ जमा रहता है। इस समस्या को लेकर ग्रामीण कई बार ग्राम प्रधान से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
प्रतिष्ठित लोगों के दरवाजे तक बनी सड़क, यादव टोला का रास्ता उपेक्षित!
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के कुछ प्रतिष्ठित व्यक्तियों के घरों के सामने सड़क का निर्माण करा दिया गया, लेकिन गणेश शुक्ला के घर से यादव टोला की ओर जाने वाले रास्ते की सुध लेने वाला कोई नहीं है। करीब दो दशक से इस मार्ग की बदहाली ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है।
ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि आखिर इस रास्ते की मरम्मत कब होगी और उन्हें कीचड़ व गंदगी से कब निजात मिलेगी?
ग्रामीणों ने प्रशासन से लगाई गुहार
ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान सहित संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि इस बदहाल मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कराकर जल्द से जल्द सड़क निर्माण एवं जल निकासी की उचित व्यवस्था कराई जाए, ताकि राहगीरों को आवागमन में हो रही परेशानियों से राहत मिल सके।
फिलहाल ग्रामीणों के इन आरोपों पर ग्राम प्रधान का पक्ष सामने नहीं आया है।

0 Comments