रिपोर्ट: देवेन्द्र पाण्डेय
वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी के थाना सारनाथ पुलिस टीम ने त्वरित व ठोस कार्रवाई करते हुए चोरी के मोबाइलों की ख़रीद-फरोख्त करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफ़ाश किया है। पुलिस ने क्षेत्र के हृदयपुर अंडरपास के समीप से 2 शातिर अभियुक्तों—किशन राजभर (निवासी बैनीपुर, सारनाथ) और अविनाश दीक्षित (निवासी अशोक बिहार कॉलोनी, सारनाथ)—को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के पास से विभिन्न कंपनियों के कुल 14 अदद एंड्रॉइड मोबाइल फोन, ₹48,100 की नकदी तथा अन्य सामान बरामद किया गया है। बरामद सामान और नकदी की कुल अनुमानित कीमत लगभग ₹3 लाख आंकी गई है।
पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि अभियुक्त किशन राजभर चंदौली हाईवे के किनारे खड़े भारी वाहन चालकों, ट्रकों और ढाबों पर विश्राम कर रहे लोगों के मोबाइल चोरी करता था। इसके बाद वह इन चोरी के फोन को आजमगढ़ रिंग रोड के पास मोबाइल शॉप चलाने वाले अविनाश दीक्षित को बेहद औने-पौने दामों में बेच देता था। अविनाश दुकान पर आने वाले ग्राहकों को थोड़ा लाभ कमाकर ये फोन आसानी से खपा देता था। चूंकि शिकार हुए ज़्यादातर लोग बाहरी या हाईवे के यात्री होते थे, इसलिए वे प्रायः शिकायत दर्ज नहीं कराते थे, जिससे यह गिरोह लंबे समय से पकड़ा नहीं जा सका था।
आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे पिछले एक साल में 100 से अधिक चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस टीम ने दोनों अभियुक्तों को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की।बरामद सभी फोन के आईएमईआई (IMEI) नंबरों का मिलान कराया जा रहा है तथा पुलिस द्वारा मामले में आगे की अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।


0 Comments