रिपोर्ट: देवेन्द्र पाण्डेय
वाराणसी।सारनाथ थाना क्षेत्र के तिलमापुर निवासी भोजपुरी गायक एवं अभिनेता रितेश पाण्डेय से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और रुपये देने से इनकार करने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है।रितेश ने बुलबुल यादव और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ सारनाथ थाने में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। रितेश रंजन पुत्र कमला पाण्डेय के अनुसार,18 सितंबर 2026 को बुलबुल यादव ने उनके साथ कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। आरोप है कि जब उन्होंने रुपये देने से इनकार किया तो बुलबुल यादव ने धमकी दी कि यदि 10 लाख रुपये नहीं दिए तो उन्हें जान से मारकर फेंक दिया जाएगा। रितेश ने आरोप लगाया कि बुलबुल यादव के साथ मौजूद एक अज्ञात व्यक्ति ने भी उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद से भोजपुरी कलाकार ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि वह इस घटना से काफी भयभीत हैं और उन्हें आशंका है कि आरोपित उनके साथ कोई अप्रिय घटना कर सकते हैं। पीड़ित ने पुलिस से मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपितों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। शिकायत में घटना की तारीख और कथित रंगदारी की रकम का उल्लेख करते हुए अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जाहिर की गई है। मामले में कार्यवाहक सारनाथ थाना प्रभारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया जा चुका है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। हालांकि,घटना के पीछे की वजह और आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल भोजपुरी गायक-अभिनेता से कथित रंगदारी मांगने का यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस की आगे की कार्रवाई पर निगाहें टिकी हैं।

0 Comments