संवाददाता: यदुवंश दूबे
गोरखपुर। पाली ब्लॉक क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय बिडार में बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या गंभीर बनी हुई है। विद्यालय परिसर में पानी भर जाने के कारण स्कूली बच्चों और शिक्षकों को आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश होते ही विद्यालय परिसर में पानी जमा हो जाता है, जिससे बच्चों के लिए विद्यालय पहुंचना और परिसर में आवागमन करना मुश्किल हो जाता है। कई बार जिम्मेदार अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन इसके बावजूद अब तक जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि समस्या को देखने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी मौन हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही विद्यालय परिसर में जलनिकासी की उचित व्यवस्था कर समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे उपजिलाधिकारी सहजनवा कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बच्चों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए विद्यालय परिसर से जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान कराया जाए।


0 Comments