Snider Image 1 Snider Image 2 Snider Image 3
1 जनवरी 2025 को शकुन टाइम्स न्यूज़ पोर्टल का शुभारंभ, सही और सटीक खबरों के साथ आपके विश्वास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के संकल्प के साथ।

दहेज के लिए विवाहिता की हत्या का आरोप,पति समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज



रिपोर्ट: देवेन्द्र पाण्डेय


वाराणसी। लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र में विवाहिता वर्षा सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में मायके पक्ष ने पति समेत ससुराल के तीन लोगों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है।पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।सोनभद्र के पन्नूगंज थाना क्षेत्र के रामगढ़ निवासी शम्भू सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी पुत्री वर्षा सिंह की शादी 29 नवंबर 2023 को केशव विहार कॉलोनी, नई बस्ती, थाना लालपुर पांडेयपुर निवासी विवेक सिंह उर्फ सूरज सिंह के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी में सामर्थ्य के अनुसार पांच लाख रुपये नकद, सोने की चेन, अंगूठी, घड़ी और करीब ढाई लाख रुपये कीमत का घरेलू सामान दहेज में दिया गया था। इसके अलावा बारातियों के स्वागत में करीब तीन लाख रुपये खर्च किए गए थे। तहरीर के अनुसार शादी के बाद से ही पति विवेक सिंह, ससुर राजेश सिंह और जेठानी कथित तौर पर कम दहेज मिलने का ताना देकर वर्षा को शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। आरोप है कि ससुराल पक्ष की ओर से अतिरिक्त दहेज में 10 लाख रुपये और फॉर्च्यूनर कार की मांग की जाती थी। पीड़िता कथित रूप से मोबाइल फोन के जरिए मायके वालों को इसकी जानकारी देती थी। पिता के अनुसार इस मामले को लेकर कई बार पंचायत भी हुई, लेकिन बेटी का वैवाहिक जीवन बचाने की उम्मीद में उन्होंने पुलिस में शिकायत नहीं की। तहरीर के मुताबिक 2 अगस्त की भोर करीब तीन बजे वर्षा के देवर सौरभ सिंह ने उनकी पत्नी उर्मिला सिंह को फोन कर वर्षा की मौत की सूचना दी। जानकारी मिलने के बाद मायके पक्ष के लोग वाराणसी पहुंचे, जहां घर के अंदर वर्षा का शव मिला। इसके बाद पिता ने पति, ससुर और जेठानी पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। लालपुर पांडेयपुर पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

Post a Comment

0 Comments

© Copyright Shakun Times. Designed by Rktechzone .