Snider Image 1 Snider Image 2 Snider Image 3
1 जनवरी 2025 को शकुन टाइम्स न्यूज़ पोर्टल का शुभारंभ, सही और सटीक खबरों के साथ आपके विश्वास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के संकल्प के साथ।

पोखरे में स्नान के दौरान तीन बच्चों के डूबने से मौत, मौके पर पहुंचे डीएम व एसपी



कार्यदाई संस्था के विरुद्ध तत्काल एफआईआर के निर्देश 


महराजगंज,

 जनपद के थाना कोठीभार क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या-25, मीराबाई नगर के पोखरा टोला स्थित एक निर्माणाधीन पोखरे में स्नान के दौरान तीन बच्चों की डूबने से हुई दुःखद मृत्यु के मामले में जिलाधिकारी के निर्देश पर जिम्मेदारों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। जिलाधिकारी  गौरव सिंह सोगरवाल ने घटना को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर कड़ा रुख अपनाया तथा कार्यदायी संस्था दीपक कंस्ट्रक्शन के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए  रविवार को राजबीर पुत्र उमेश यादव (13 वर्ष), नीतीश यादव पुत्र रमेश यादव (14 वर्ष), रोहन पुत्र रामलखन (13 वर्ष) तथा कृष्णा रौनियार पुत्र कबूतर रौनियार (15 वर्ष), निवासी पोखरा टोला, निर्माणाधीन पोखरे में स्नान करने गए थे। इसी दौरान नीतीश, रोहन एवं कृष्णा गहरे पानी में डूब गए। घटना देखकर राजबीर तत्काल घर पहुंचा और परिजनों को सूचना दी सूचना मिलते ही थाना कोठीभार पुलिस एवं स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा। स्थानीय लोगों एवं गोताखोरों के सहयोग से तीनों बच्चों को बाहर निकालकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सिसवा भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत तीनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम की विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक  शक्ति मोहन अवस्थी जिला अस्पताल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने हादसे में सुरक्षित बचे चौथे बच्चे राजबीर से मुलाकात कर उसका हालचाल जाना तथा उसे सांत्वना दी। जिलाधिकारी ने अस्पताल प्रशासन को बच्चे की समुचित काउंसलिंग कराने के निर्देश दिए, ताकि वह इस दर्दनाक हादसे के मानसिक आघात से उबर सके। जिलाधिकारी ने अस्पताल प्रशासन को मृतक बच्चों का पोस्टमार्टम शीघ्र पूर्ण कराते हुए उनके पार्थिव शरीरों को पूर्ण सम्मान के साथ उनके घर तक पहुंचाने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।इसके उपरांत जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन पोखरे पर सुरक्षा मानकों एवं आवश्यक एहतियाती व्यवस्थाओं की अनदेखी को गंभीर लापरवाही मानते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यदायी संस्था दीपक कंस्ट्रक्शन के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसुरक्षा से जुड़े मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। घटना की विस्तृत जांच हेतु जिलाधिकारी ने जांच टीम भी गठित करने का निर्देश दिया है।

 जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में चल रहे सभी निर्माण कार्यों का परीक्षण कर सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए, जिससे भविष्य में इस प्रकार की दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

 दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने मृतक बच्चों के परिजनों से भी मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी निचलौल को पीड़ित परिवारों को हरसंभव प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने प्रत्येक मृतक के परिजनों को ₹4-4 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने की घोषणा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सहायता राशि शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए   जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि विशेषकर वर्षा ऋतु में निर्माणाधीन अथवा गहरे जलाशयों, पोखरों एवं अन्य जल स्रोतों के आसपास बच्चों को बिना निगरानी के न जाने दें। अभिभावक बच्चों पर विशेष ध्यान रखें तथा उन्हें ऐसे स्थानों पर स्नान या खेलने से रोकें, जिससे इस प्रकार की दुःखद घटनाओं से बचा जा सके। जिलाधिकारी महोदय ने जिला प्रशासन की ओर से दिवंगत बच्चों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा है कि पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी तथा घटना के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments

© Copyright Shakun Times. Designed by Rktechzone .