सहजनवा विधानसभा क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग की सड़क पर जगह-जगह गड्ढे, जिम्मेदार बेखबर; ग्रामीणों ने दी तहसील घेराव की चेतावनी
संवाददाता: शुशिल राय हरपुर बुदहट
गोरखपुर
गोरखपुर। मुख्यमंत्री के गृह जनपद गोरखपुर के सहजनवा विधानसभा क्षेत्र में कटसहरा बाजार से होते हुए रामनगर सुरस से देवरिया तक जाने वाला लोक निर्माण विभाग का मार्ग इन दिनों बदहाली की मार झेल रहा है।
सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए लगातार खतरा बने हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग गोरखपुर और संतकबीरनगर को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जिस पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि सड़क की मरम्मत के नाम पर ठेकेदार आते हैं और कुछ स्थानों पर महज लिपापोती कर वापस चले जाते हैं। इसके बावजूद कुछ ही समय में सड़क फिर गड्ढों में तब्दील हो जाती है। ग्रामीणों ने निर्माण और मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता तथा टेंडर में स्वीकृत धनराशि के उपयोग की जांच की मांग उठाई है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की बदहाली के चलते आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। इसके बावजूद लोक निर्माण विभाग के जिम्मेदार अधिकारी समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द मार्ग की मरम्मत नहीं कराई गई तो वे एकजुट होकर तहसील का घेराव करेंगे और आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होंगे।



0 Comments