रिपोर्ट: देवेन्द्र पाण्डेय
वाराणसी।पुलिस ने 27 और 28 अगस्त की रात दो अलग-अलग कार्रवाई में मुठभेड़ के दौरान चेन लूट और दुष्कर्म के मामलों में वांछित दो अभियुक्तों को घायल कर गिरफ्तार किया। पहली कार्रवाई थाना शिवपुर पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत हरिहरपुर के पास की। पुलिस के अनुसार 27 अगस्त की रात करीब 11 बजे संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार एक संदिग्ध को पुलिस टीम ने रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि बाइक सवार बैरिकेड तोड़कर भागने लगा। कुछ दूरी पर मोटरसाइकिल फिसलने के कारण वह गिर गया और इसके बाद उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। घायल आरोपी की पहचान शशि भूषण पुत्र लक्ष्मी नारायण, निवासी तार बांग्ला बिजली कॉलोनी, थाना डेहरी, जनपद रोहतास, बिहार, उम्र करीब 28 वर्ष के रूप में हुई। पुलिस ने उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा। मौके से पुलिस ने .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, पीली धातु की एक चेन और पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की। प्रारंभिक पूछताछ में शशि भूषण ने अपने साथी के साथ 24 अगस्त को थाना शिवपुर क्षेत्र के खुशहाल नगर में एक महिला से चेन लूट की घटना को अंजाम देने की बात बताई। इस मामले में थाना शिवपुर में धारा 309(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है।
दूसरी कार्रवाई थाना कैंट क्षेत्र में दुष्कर्म के मामले में वांछित अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए की गई। पुलिस के अनुसार 27 अगस्त को नदेसर स्थित एक रेस्टोरेंट के ऊपर रहने वाली मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला के साथ शुभम नामक व्यक्ति द्वारा दुष्कर्म किए जाने की सूचना मिली थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना कैंट में तत्काल अभियोग दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया। 28 अगस्त को पुलिस टीम को सूचना मिली कि मामले में वांछित अभियुक्त शुभम वरुणा पुल के पास मौजूद है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस का दावा है कि टीम को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षार्थ एवं जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। उसके कब्जे से .315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। दोनों घटनाओं में पुलिस ने अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके आपराधिक इतिहास व अन्य संभावित घटनाओं में संलिप्तता की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों प्रकरणों में अग्रिम विधिक कार्रवाई की गई।


0 Comments