फोटो नम्बर- चहनियां स्थित मां खण्डवारी महिला महाविद्यालय में आयोजित शिक्षक अधिकार यात्रा कार्यक्रम में मंचासीन वित्तविहीन शिक्षक महासभा के पदाधिकारी।
चंदौली
चहनियां
वित्तविहीन शिक्षक महासभा उत्तर प्रदेश की ओर से शिक्षक अधिकार यात्रा पूरे प्रदेश में निकाली जाएगी। यात्रा के दौरान प्रत्येक जनपद में मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारियों के माध्यम से सौंपा जा रहा है। 21 जुलाई से बलिया जनपद से शुरू हुई इस यात्रा के माध्यम से वित्तविहीन शिक्षकों ने रोटी और अधिकार की लड़ाई को अंतिम पायदान तक पहुंचाने का संकल्प लिया है।
वित्तविहीन शिक्षक महासभा उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र प्रताप सिंह ने गुरुवार को चहनियां स्थित मां खण्डवारी महिला महाविद्यालय में आयोजित शिक्षक अधिकार यात्रा कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि शिक्षक अधिकार यात्रा प्रदेश के सभी जनपदों तक पहुंचेगी। वर्ष 2012 में विद्यालयों पर लगाए गए 50-50 हजार रुपये के अर्थदंड का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि माननीय उच्च न्यायालय ने उस आदेश को गलत ठहराते हुए निरस्त कर दिया था, लेकिन आज तक संबंधित विद्यालयों को वह धनराशि वापस नहीं की गई। उन्होंने कहा कि इस अन्याय के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय होनी चाहिए। विभाग के खाते में पड़ी यह धनराशि अब लाखों रुपये का रूप ले चुकी है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय वित्तविहीन शिक्षकों के भविष्य के लिए निर्णायक है। रोटी और अधिकार की इस लड़ाई को अंतिम पायदान तक पहुंचाना संगठन का संकल्प है। सरकार द्वारा पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार को वित्तविहीन शिक्षकों की अन्य समस्याओं का भी स्थायी समाधान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन के प्रयासों से अब तक 21 समस्याओं का समाधान कराया जा चुका है और वित्तविहीन शिक्षकों की शेष मांगों को पूरा कराने के लिए भी संघर्ष लगातार जारी रहेगा। इस अवसर पर प्रदेश प्रधान सचिव शशिधर चौबे ने कहा कि वित्तविहीन शिक्षकों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए महासभा का संघर्ष निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जब तक शिक्षकों की लंबित एवं न्यायोचित मांगों का समाधान नहीं हो जाता, संगठन चरणबद्ध आंदोलन जारी रखेगा।
कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्णमोहन यादव, प्रदेश महासचिव अजय कुशवाहा, डॉ. आशुतोष सिंह, उपाध्यक्ष धनंजय कुमार, मंडल अध्यक्ष जियारत हुसैन, प्रधान सचिव शशिधर चौबे, बनवारी पाण्डेय, आजाद यादव, सुनील सिंह, आलोक रंजन, गौरव सिंह, विनोद सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. आनंद प्रकाश मिश्रा तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. आशुतोष सिंह ने किया।

0 Comments