संवाददाता सच्चिदानन्द राय
सहजनवा: हरपुर बुदहट सरयू नहर की सफाई के दौरान निकाला गया कूड़ा-करकट, जलकुंभी और सिल्ट आबादी के समीप ही छोड़ दिए जाने से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। समस्या के समाधान की मांग को लेकर रविवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर संबंधित विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई।
ग्रामीणों का कहना है कि नहर की सफाई तो कर दी गई, लेकिन निकाली गई गंदगी का उचित निस्तारण नहीं किया गया। आबादी के पास पड़े गंदगी के बड़े-बड़े ढेरों में सांप, बिच्छू एवं अन्य जहरीले जीव पनप रहे हैं, जो अब घरों की ओर निकलने लगे हैं। इससे लोगों, विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों में भय का माहौल है। वहीं बरसात के मौसम में दुर्गंध फैलने के साथ संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने कहा कि यदि शीघ्र गंदगी नहीं हटाई गई तो किसी भी समय अप्रिय घटना हो सकती है। उन्होंने सिंचाई विभाग एवं जिला प्रशासन से तत्काल गंदगी हटाकर उसका सुरक्षित निस्तारण कराने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन का नेतृत्व मोहम्मद तौफीक ने किया। इस दौरान सुनील, ललित, कोमल, जीशान, सोनू, पलटू, मोहम्मद अहमद और फैयाज अहमद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। इस संबंध में सिंचाई विभाग के जूनियर इंजीनियर प्रदीप यादव ने बताया कि मामले की जानकारी प्राप्त हो गई है। आबादी के पास पड़ी गंदगी को जल्द हटवाकर उसका उचित निस्तारण कराया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

0 Comments