Snider Image 1 Snider Image 2 Snider Image 3
1 जनवरी 2025 को शकुन टाइम्स न्यूज़ पोर्टल का शुभारंभ, सही और सटीक खबरों के साथ आपके विश्वास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के संकल्प के साथ।

खादी विभाग ने लालगंज की कठवार में लगाया जागरूकता शिविर, अंत्योदय वर्ग को दी योजनाओं की जानकारी



मीरजापुर | जिला खादी एवं ग्रामोद्योग कार्यालय द्वारा विपणन विकास सहायता योजना के अंतर्गत तहसील लालगंज के कठवार में शनिवार को एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ अतिथियों द्वारा गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया।

जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी अमितेश सिंह ने शिविर की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम और मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना के तहत स्थापित इकाइयों के उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए प्रदर्शनी, क्रेता-विक्रेता सम्मेलन जैसी गतिविधियां आयोजित की जाती हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश माटी कला बोर्ड द्वारा संचालित मुख्यमंत्री माटी कला रोजगार योजना और माटी कला टूल किट वितरण योजना सहित अन्य योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड व्यक्तिगत उद्यम स्थापना के लिए बैंकों से वित्त पोषण कराकर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराता है।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए पवन कुमार ने स्वरोजगार, कौशल विकास, ऋण की आसान उपलब्धता, स्टार्टअप और नए उद्यमों की स्थापना जैसे विषयों पर मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि खादी विभाग द्वारा तहसील दिवस पर तहसीलों में जागरूकता शिविर लगाकर अंत्योदय वर्ग को भी लाभान्वित किया जा रहा है। 

शिविर में उपस्थित महिलाओं और युवाओं को बताया गया कि प्रशिक्षण संस्थानों में ब्यूटीपार्लर, सिलाई-कढ़ाई सहित विभिन्न ट्रेडों में निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण दिया जाता है। प्रशिक्षण के बाद खादी विभाग के माध्यम से सुविधाजनक लोन और अनुदान के साथ अपना स्वरोजगार शुरू कर आत्मनिर्भर बना जा सकता है।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान कठवार रामसेवक, गोविंद तिवारी, वरिष्ठ सहायक महेश मौर्य, पवन कुमार सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया।

खादी विभाग के अधिकारियों ने कहा कि विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए जिले की सभी तहसीलों में इसी तरह के शिविर आयोजित किए जाएंगे।

Post a Comment

0 Comments

© Copyright Shakun Times. Designed by Rktechzone .