रिपोर्ट: देवेन्द्र पाण्डेय
वाराणसी
सारनाथ थाना क्षेत्र में एक विदेशी मूल की युवती से शादी का झांसा देकर चार वर्षों तक दुष्कर्म और आर्थिक शोषण करने का मामला सामने आया है।पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी और उसकी कथित दूसरी पत्नी की तलाश शुरू कर दी है।नेपाल मूल की पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह वाराणसी के कैंटोनमेंट क्षेत्र में अपने सेना से सेवानिवृत्त पिता के साथ रहती है। वर्ष 2022 में उसकी मुलाकात तेलियाबाग निवासी अविनाश सेठ से हुई थी। कुछ मुलाकातों के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। आरोप है कि अविनाश ने स्वयं को अविवाहित बताते हुए युवती को शादी का प्रस्ताव दिया और उसकी मांग में सिंदूर भरकर पति-पत्नी की तरह साथ रहने लगा।
पीड़िता के अनुसार दोनों पहले टकटकपुर और बाद में पहड़िया स्थित एक अपार्टमेंट में करीब दो वर्षों तक साथ रहे। इस दौरान आरोपी ने विश्वास में लेकर उससे लगभग चार लाख रुपये लिए। इतना ही नहीं, युवती ने अपने पैसों से खरीदी गई एक कार और स्कूटी भी आरोपी को दे दी। आरोप है कि कुछ समय बाद अविनाश ने पारिवारिक समस्याओं का हवाला देकर युवती को उसके पिता के घर भेज दिया और धीरे-धीरे उससे दूरी बनाने लगा।पीड़िता ने बताया कि 28 मई को वह अपने भाई के साथ पहड़िया स्थित फ्लैट पर अपना सामान लेने पहुंची। वहां उसने अविनाश को एक अन्य युवती के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखा। विरोध करने और दूसरी युवती के बारे में पूछताछ करने पर अविनाश तथा युवती कथित रूप से भड़क गए। आरोप है कि दोनों ने उसके साथ अभद्रता की, गालियां दीं और लोहे की रॉड से हमला करने का प्रयास करते हुए उसे घर से बाहर निकाल दिया।
घटना से आहत होकर पीड़िता ने आत्महत्या का प्रयास भी किया, लेकिन परिजनों की सतर्कता से उसकी जान बच गई। इसके बाद उसने सारनाथ थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

0 Comments