शकुन टाइम्स
संवाददाता
वाराणसी
पवित्र शहर वाराणसी के पांडेयपुर इलाके में नाले की बदहाली ने स्थानीय निवासियों का जीवन दूभर कर दिया है।पांडेयपुर पुलिस चौकी से सुलभ शौचालय तक फैले इस जर्जर नाले की समस्या को लेकर 5 फरवरी 2026 को उत्तर प्रदेश सरकार के जनसुनवाई पोर्टल पर नए निर्माण की शिकायत दर्ज की गई थी।लेकिन 7 फरवरी से शिकायत की स्थिति 'अनमार्क' दिखाई जा रही है, जो अब तक 10 दिनों से अधिक समय से अपरिवर्तित बनी हुई है।
निवासियों का आरोप है कि नगर निगम टैक्स वसूली में सख्ती बरतता है,लेकिन वास्तविक कार्य केवल कागजी फोटो अपलोड कर निपटाया जा रहा है।दो दिनों पहले नाले के ढक्कन खोले गए और सफाई मशीन भी लगाई गई,लेकिन केवल ऊपरी सिल्ट हटाया गया। नाला पूरी तरह ध्वस्त हो चुका है और नए निर्माण की सख्त जरूरत है। स्थानीय पार्षद ने निवासियों की मौखिक शिकायत पर विभाग को पहले ही अवगत कराया था और आश्वासन दिया था कि समस्या जल्द हल होगी।इस बार भी उन्होंने विभाग को सूचित किया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।निवासियों ने सवाल उठाया है कि 10 दिनों से अधिक समय बीत जाने के बावजूद जनसुनवाई पोर्टल पर स्थिति 'अनमार्क' क्यों रखी जा रही है?क्या जनता को धरना देना पड़ेगा तब जाकर असली काम होगा?यह मामला वाराणसी नगर निगम के स्वच्छता एवं जल निकासी विभाग की लापरवाही को उजागर करता है।नगर निगम अधिकारियों से संपर्क की कोशिश हुई,लेकिन कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिली। स्थानीय लोग मांग कर रहे हैं कि संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई हो और नाले का नया निर्माण तुरंत शुरू किया जाए।पार्षद के निरंतर प्रयासों की सराहना करते हुए निवासी उम्मीद जता रहे हैं कि उनकी सक्रियता से जल्द समाधान होगा,अन्यथा आंदोलन की नौबत आ सकती है।


0 Comments