![]() |
रिपोर्ट: देवेन्द्र पाण्डेय
थाना लालपुर-पांडेयपुर क्षेत्र स्थित एम0एस0 क्रिकेट एकेडमी,रिंग रोड चांदमारी में आयोजित सेल्स टैक्स बार एसोसिएशन के क्रिकेट मैच के बाद गुरुवार रात विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।प्रार्थी चन्द्रेश कुमार सिंह पुत्र स्व0 कृपा सिंह निवासी बसनी,बड़ागांव,पिंडरा (वाराणसी) ने आरोप लगाया है कि मैच समाप्ति के बाद कुछ लोगों ने गेट बंद कर अधिवक्ताओं पर जानलेवा हमला,मारपीट और लूटपाट की।
शिकायत के मुताबिक 26 फरवरी 2026 को रात करीब 10:30 बजे मैच खत्म होने के बाद खिलाड़ी और अधिवक्ता अपना सामान समेट रहे थे।इसी दौरान मैदान की लाइट बंद कर दी गई।विरोध करने पर वहां मौजूद कर्मचारी ने कथित तौर पर गाली-गलौज की और अपने मालिक सहर्ष प्रताप सिंह उर्फ गोलू को बुला लिया।आरोप है कि इसके बाद सहर्ष प्रताप सिंह,मयंक सिंह मोन,राजदीप कुमार उर्फ राजीव कुमार,वेद प्रकाश मिश्रा समेत करीब आठ लोग दो चारपहिया वाहनों से पहुंचे और मैदान का मुख्य गेट बंद कर दिया।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि हमलावरों ने हॉकी,डंडा,रॉड और लाठी से मैदान में मौजूद लोगों पर हमला कर दिया।हमले में राहुल सिंह एडवोकेट और सौरभ सिंह यादव एडवोकेट गंभीर रूप से घायल हो गए।आरोप है कि एक व्यक्ति के मुंह में पिस्टल डालकर हाकी से मारपीट की गई तथा उसके गले से करीब पांच तोले की सोने की चेन और मोबाइल छीन लिया गया।अन्य अधिवक्ताओं से भी नगदी,मोबाइल और चेन छीनने का आरोप लगाया गया है।
घायलों को तत्काल दीनदयाल अस्पताल ले जाया गया,जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया।फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है।मारपीट में कई अन्य अधिवक्ताओं को भी चोटें आई हैं।
घटना से आक्रोशित सैकड़ों की संख्या में अधिवक्ता थाना लालपुर-पांडेयपुर पहुंच गए और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी व कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए।अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।पुलिस का कहना है कि जांच शुरू कर दी गई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



0 Comments