महराजगंज
रिपोर्ट: अरविंद कुमार
उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ की जिला इकाई के चुनाव में कर्मचारियों ने एक बार फिर प्रद्युमन सिंह पर भरोसा जताया है। प्रद्युमन सिंह को लगातार आठवीं बार संघ का जिला अध्यक्ष चुना गया है। उनके साथ ही रामजीत गुप्ता को महामंत्री, पारसनाथ यादव को संगठन मंत्री, सत्येंद्र नाथ दुबे को कोषाध्यक्ष तथा पन्ने लाल यादव को संप्रेक्षक पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
चुनाव परिणाम घोषित होते ही संघ के पदाधिकारियों और कर्मचारियों में उत्साह का माहौल देखा गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष प्रद्युमन सिंह ने कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संघ के सदस्यों ने जो भरोसा उन पर लगातार बनाए रखा है, उस भरोसे पर वे शत-प्रतिशत खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण सफाई कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान, उनके अधिकारों की रक्षा और मानदेय, सेवा सुरक्षा सहित अन्य मांगों को लेकर संघ हमेशा मजबूती से आवाज उठाता रहा है और आगे भी संघर्ष जारी रहेगा। प्रद्युमन सिंह ने भरोसा दिलाया कि कर्मचारियों के हित में किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।
महामंत्री रामजीत गुप्ता ने कहा कि संघ को और अधिक मजबूत करते हुए संगठन विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि हर सफाई कर्मचारी की आवाज शासन-प्रशासन तक पहुंचे। वहीं संगठन मंत्री पारसनाथ यादव ने एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि कर्मचारियों की एकता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
कार्यक्रम के दौरान कोषाध्यक्ष सत्येंद्र नाथ दुबे और संप्रेक्षक पन्ने लाल यादव ने भी कर्मचारियों के हित में पारदर्शी और जवाबदेह कार्यप्रणाली अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का माला पहनाकर स्वागत किया गया।



0 Comments