सुनील गुप्ता की रिपोर्ट
नाबालिग बेटी को जबरन अपने पास रखने का आरोप, ससुराल पक्ष के कई सदस्य नामजद; बड़हलगंज पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
गोरखपुर। बड़हलगंज थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा और पारिवारिक विवाद का गंभीर मामला सामने आया है। एक महिला की शिकायत पर पुलिस ने उसके पति समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पीड़िता ने ससुराल पक्ष पर अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने, मारपीट करने और मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया है। वहीं, पति पर दूसरी शादी करने तथा नाबालिग पुत्री को जबरन अपने पास रखने का भी आरोप लगाया गया है।
FIR में पति समेत इन लोगों के नाम
पुलिस में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार नामजद आरोपियों में सूर्य प्रताप यादव उर्फ बबलू (पति), प्रेम यादव (ससुर), चन्द्रप्रताप यादव उर्फ डबलू (जेठ), रुद्र प्रताप यादव उर्फ मोनू (देवर), तान्या यादव और दुर्गा यादव (देवरानी) सहित परिवार के अन्य अज्ञात सदस्य शामिल हैं।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
बड़हलगंज थाने में FIR संख्या 0490/2026 दिनांक 2 नवंबर 2026 को दर्ज की गई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 85, 115(2), 352, 351(3), 74 एवं 126(2) तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3 और 4 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है।
पुलिस जांच के बाद खुलेगी आरोपों की परत
मामले में अब पुलिस की विवेचना महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पीड़िता की ओर से लगाए गए आरोपों, दूसरी शादी के दावे और नाबालिग बच्ची को अपने पास रखने से जुड़े तथ्यों की जांच की जाएगी। इस मामले में पुलिस की अगली कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं।

0 Comments