वाराणसी। लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के हुकुलगंज (नई बस्ती) इलाके में जमीन कब्जाने की नीयत से दबंगों द्वारा एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला करने और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर लालपुर-पांडेयपुर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हुकुलगंज (S9/139 D.5.K-1) निवासी पीड़ित चन्द्रशेखर कुमार (पुत्र स्व. जवाहर लाल) ने थाने में दी गई शिकायत में बताया कि बीती 12 नवंबर 2026 को शाम करीब 4 बजे उनके ही मोहल्ले के चार सगे भाइयों ने एकजुट होकर उन पर हमला बोल दिया। पीड़ित ने इस मामले में स्व. मुसाफिर राम के पुत्रों— बलवंत उर्फ बबलू, अरविंद कुमार, राहुल कुमार और अरुण कुमार उर्फ कलू को नामजद किया है।
तहरीर के मुताबिक, आरोपियों ने लाठी-डंडों से चन्द्रशेखर के सीने और शरीर के अन्य हिस्सों पर बेरहमी से प्रहार किया। इस हमले में पीड़ित के मुंह का जबड़ा फट गया और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित का आरोप है कि दबंग उनकी जमीन पर कब्जा करने की नीयत से रास्ता रोक रहे हैं। घटना के दिन आरोपियों ने न केवल रास्ता अवरुद्ध किया, बल्कि घर की सीवर पाइपलाइन को तोड़कर उसमें बोरियां भरकर जाम कर दिया। इसके अलावा, आरोपियों ने पीड़ित के ऑटो का शीशा तोड़कर वाहन को भी भारी नुकसान पहुंचाया है।
दबंगों की इस गुंडागर्दी और जान से मारने की धमकी मिलने के बाद से पीड़ित और उनका पूरा परिवार दहशत के साये में है। पीड़ित ने पुलिस से निष्पक्ष जांच और मेडिकल परीक्षण की गुहार लगाई थी। लालपुर-पांडेयपुर थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और पुलिस टीम मामले की गहनता से जांच में जुट गई है।

0 Comments