Snider Image 1 Snider Image 2 Snider Image 3
1 जनवरी 2025 को शकुन टाइम्स न्यूज़ पोर्टल का शुभारंभ, सही और सटीक खबरों के साथ आपके विश्वास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के संकल्प के साथ।

चोलापुर में दर्दनाक हादसा, ट्रक की चपेट में आकर युवक की मौत;चक्काजाम

 


रिपोर्ट: देवेन्द्र पाण्डेय


वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र के चंदापुर पुलिस चौकी अंतर्गत चमरहां (हनुमानगंज) बाजार में रविवार को तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने सड़क किनारे मछली बेच रहे युवक और ग्राहकों को कुचल दिया। 



हादसे में मछली विक्रेता विकास सोनकर (26) पुत्र राजकुमार, निवासी गोपपुर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद बेकाबू ट्रक करीब 40 फीट दूर स्थित खली-चुन्नी की दुकान में जा घुसा, जिससे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में मछली खरीदने पहुंचे 15 वर्षीय शिवम के अलावा खली-चुन्नी दुकान संचालक सतीश जायसवाल (60), कर्मचारी सोती हरिजन (53) और पल्लेदार चिल्लू यादव समेत अन्य लोग घायल हुए। घटना के बाद चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। 


चंदापुर चौकी प्रभारी अविनाश मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोलापुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय रेफर किया गया, जबकि कुछ घायलों को परिजन निजी अस्पताल लेकर गए। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों और मृतक के परिजनों ने विकास का शव वाराणसी-आजमगढ़ मुख्य मार्ग पर रखकर चक्काजाम कर दिया। इससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित हो गया। ग्रामीण मुआवजे और चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। सूचना पर एसडीएम सदर नितिन सिंह और एसीपी सारनाथ विनय कुमार द्विवेदी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। विकास अपने परिवार का मुख्य कमाऊ सदस्य था और उसकी एक वर्ष की मासूम बेटी है। मौत की खबर मिलते ही पत्नी मोनी समेत परिजनों में कोहराम मच गया। तीन भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर के विकास की मौत से गोपपुर गांव में मातम पसरा है।

Post a Comment

0 Comments

© Copyright Shakun Times. Designed by Rktechzone .