Snider Image 1 Snider Image 2 Snider Image 3
1 जनवरी 2025 को शकुन टाइम्स न्यूज़ पोर्टल का शुभारंभ, सही और सटीक खबरों के साथ आपके विश्वास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के संकल्प के साथ।

श्रेया उपाध्याय हत्याकांड का मुख्य आरोपी विवेक चौबे मुठभेड़ में गिरफ्तार,पैर में लगी गोली

 



रिपोर्ट:देवेन्द्र पाण्डेय


वाराणसी।राजातालाब थाना क्षेत्र में 22 वर्षीय श्रेया उपाध्याय हत्याकांड के मुख्य वांछित अभियुक्त विवेक चौबे उर्फ निखिल को पुलिस ने सोमवार को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जक्खिनी भेजा। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से .315 बोर का एक देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।


पुलिस के मुताबिक, ग्राम मरुई, थाना राजातालाब निवासी श्रेया उपाध्याय 18 अगस्त 2026 को लापता हुई थीं। इसके बाद 20 अगस्त को उनका शव रोहनिया थाना क्षेत्र के बच्छाव पश्चिमपुरा में बरामद हुआ था। मामले में थाना राजातालाब में धारा 103(1) बीएनएस में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नीतू कादयान और अपर पुलिस उपायुक्त नृपेन्द्र ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राजातालाब थाना पुलिस एवं एसओजी की चार टीमों का गठन किया था। गठित टीमों को घटना के शीघ्र अनावरण और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे।


पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 24 अगस्त को मुठभेड़ के दौरान अभियुक्त पुनीत मिश्रा को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसके बाद 27 अगस्त को राजातालाब पुलिस ने रामसहाय चौबे को गिरफ्तार किया था। मुख्य अभियुक्त विवेक चौबे की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।



इसी क्रम में 7 सितंबर को राजातालाब पुलिस की टीम वांछित अभियुक्तों की तलाश और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे से संबंधित अभियुक्त जगतदेवपुर की ओर से कहीं जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जगतदेवपुर के पास चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर पैदल भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस के अनुसार आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने तत्काल उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए जक्खिनी सीएचसी भेजा।



पूछताछ में पुलिस के अनुसार विवेक चौबे उर्फ निखिल ने श्रेया की शादी अन्यत्र तय होने से नाराज होकर अपने साथी पुनीत मिश्रा के साथ मिलकर 18 अगस्त को हत्या की घटना को अंजाम देने की बात बताई है।गिरफ्तार विवेक चौबे के खिलाफ हत्या के मुकदमे के अलावा तमंचा और कारतूस बरामद होने के संबंध में आयुध अधिनियम की धाराओं में भी मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की गई।पुलिस टीम में थाना राजातालाब प्रभारी जितेंद्र कुमार समेत उपनिरीक्षक अविनाश कुमार सिंह, राजेश मौर्य, सुनील यादव, रोहित दूबे तथा अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Post a Comment

0 Comments

© Copyright Shakun Times. Designed by Rktechzone .