Snider Image 1 Snider Image 2 Snider Image 3
1 जनवरी 2025 को शकुन टाइम्स न्यूज़ पोर्टल का शुभारंभ, सही और सटीक खबरों के साथ आपके विश्वास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के संकल्प के साथ।

विश्व आदिवासी दिवस पर 9 अगस्त को बभनडीहा में विशाल जनसभा, रोड शो व सांस्कृतिक कार्यक्रम का होगा आयोजन



संवाददाता : अहमद राजा 


म्योरपुर (सोनभद्र)। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर 9 अगस्त को म्योरपुर विकासखंड के बभनडीहा में आदिवासी सेवा ट्रस्ट, सोनभद्र (उत्तर प्रदेश) के तत्वावधान में विशाल आदिवासी जनसभा, रोड शो एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति के अनुसार कार्यक्रम में जनपद सोनभद्र सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में आदिवासी समाज के लोग, सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी, युवा एवं महिलाएं शामिल होंगी।


आयोजन का उद्देश्य आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा, इतिहास एवं संवैधानिक अधिकारों को सशक्त स्वर देना तथा समाज के समग्र विकास के लिए जनजागरण करना है। कार्यक्रम के दौरान आदिवासी समाज की एकता, सम्मान और अधिकारों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।


आयोजन समिति ने बताया कि इस अवसर पर सरकार के समक्ष कई प्रमुख मांगें भी रखी जाएंगी। इनमें जल, जंगल और जमीन पर आदिवासी समुदाय के पारंपरिक एवं संवैधानिक अधिकारों की सुरक्षा, वनाधिकार कानून-2006 का प्रभावी एवं पारदर्शी क्रियान्वयन, ग्राम सभाओं के अधिकारों को मजबूत करना तथा अनुसूचित क्षेत्रों में पेसा कानून की भावना के अनुरूप व्यवस्था लागू करना प्रमुख हैं। इसके अलावा आदिवासी युवाओं के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, रोजगार एवं कौशल विकास के अवसर बढ़ाने, आदिवासी क्षेत्रों में स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल सहित बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने तथा आदिवासी संस्कृति, भाषा और विरासत के संरक्षण के लिए विशेष योजनाएं लागू करने की मांग भी उठाई जाएगी।


आयोजन समिति ने सभी सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों, पत्रकारों एवं आम नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आदिवासी समाज की एकता, सम्मान और अधिकारों की आवाज को मजबूत बनाने की अपील की है।


कार्यक्रम विवरण:


स्थान: बभनडीहा, म्योरपुर, जनपद सोनभद्र


तिथि: 9 अगस्त 2026 (विश्व आदिवासी दिवस)


आयोजक: आदिवासी सेवा ट्रस्ट, सोनभद्र (उत्तर प्रदेश)



Post a Comment

0 Comments

© Copyright Shakun Times. Designed by Rktechzone .