चहनियां
रइया गांव में रविवार की देर रात को सर्प दंश से 15 वर्षीय किशोरी पिंकी की मृत्यु हो गई। परिजन उसे चहनियां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से लेकर बीएचयू तक दौड़े किन्तु वह बच नही पायी । रइया गांव निवासी अनिल की पुत्री पिंकी अपनी बड़ी बहनों गंगा और जमुना के साथ फर्श पर सो रही थी। देर रात को सर्प ने उसे काट लिया। पिंकी ने तुरंत उठकर अपनी बहनों को जगाया और बताया कि उसे किसी चीज ने काट लिया है। बहनों ने सर्प को रेंगते हुए देखा और शोर मचाया ।बच्चियों की आवाज सुनकर पिता अनिल और माता शिमला देवी मौके पर पहुंचे। पिंकी की बिगड़ती हालत देखकर परिजन उसे तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चहनियां ले गए। वहां से पिंकी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया । परिजन जब तक जिला चिकित्सालय पहुंचे, पिंकी की हालत और बिगड़ चुकी थी। डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन उसकी बिगड़ती स्थिति को देखते हुए उसे बीएचयू वाराणसी रेफर कर दिया गया। हालांकि, बीएचयू पहुंचने से पहले ही पिंकी ने रास्ते में दम तोड़ दिया।अनिल मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। पिंकी की असामयिक मृत्यु से माता शिमला देवी, पिता अनिल ,बहनें गंगा,जमुना गहरे सदमे में हैं। उनका रोकर बुरा हाल है ।

0 Comments