वाराणसी। सुसुवाही वार्ड-39 स्थित अमूल दुकान के पास कामिनी विहार मेन मोड़ पर कई दिनों से खतरनाक स्थिति में झुका बिजली का पोल स्थानीय लोगों, राहगीरों और स्कूली बच्चों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि इस संबंध में कई बार बिजली विभाग को शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए समाजसेवी, पर्यावरणविद एवं गंगा डॉल्फिन मित्र धर्मेंद्र पटेल मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से तत्काल इस मामले का संज्ञान लेकर झुके हुए बिजली के पोल को ठीक कराने की मांग की।
धर्मेंद्र पटेल ने कहा कि जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। यदि समय रहते इस पोल की मरम्मत या प्रतिस्थापन नहीं किया गया, तो कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। उन्होंने बिजली विभाग से शीघ्र कार्रवाई करने की अपील करते हुए कहा कि किसी अनहोनी का इंतजार करना उचित नहीं है।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन और बिजली विभाग से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए तत्काल झुके हुए बिजली के पोल को ठीक कराया जाए, ताकि क्षेत्र के नागरिक, राहगीर और स्कूली बच्चे सुरक्षित रह सकें।

0 Comments